संजय राष्ट्रीय उद्यान अभयारण्य बगदरा के नेवारी, बछनार एवं खम्हाडीह में वनभूमि पर बेजा कब्जा तेज

Newspost, Regional Desk, A. Anand

चितरंगी, सिंगरौली (म.प्र.)। अभयारण्य बगदरा क्षेत्र के ग्राम नेवारी, खम्हारडीह एवं बछनार की वनभूमि के पेड़ों की अंधाधुंध कटाई कर भूमि पर अवैध कब्जा करने का सिलसिला चल रहा है। वनभूमि में अतिक्रमण का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है।

जानकारी के अनुसार संजय राष्ट्रीय उद्यान, बगदरा के नेवारी, खम्हारडीह एवं बछनार गांव के अभयारण्य की भूमि में स्थानीय कुछ रसूखदार जिसमें कुछ गांव के आदिवासी नेता और कुछ बड़े लोग शामिल बताए जाते हैं, वे लोगों व आदिवासियों को पट्टा दिलाने का झांसा व प्रलोभन देकर, उनसे कुछ लेन-देन कर उनसे कब्जा कराया जा रहा है। पिछले कुछ दिनों से यह खेल सैकड़ों की संख्या में महिला-पुरुष शामिल होकर कर रहे है।

बड़ी बात यह है कि जितने भी लोग जंगल की कटाई और अवैध कब्जा कर रहे हैं या करवा रहे है सबके पास में पट्टे की भूमि भी है। फिर भी जंगल के लिए सुरक्षित की गई अभयारण्य की भूमि का अवैध रूप से कब्जा किया या कराया जा रहा है। स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों का मानना है कि इस पर यदि त्वरित कार्यवाही नहीं हुई या इस पर प्रशासन के द्वारा रोक नहीं लगाई गई तो आने वाले कुछ ही दिन में ग्राम खम्हारडीह, नेवारी, बछनार में एक इंच भी जंगल की जमीन नहीं बच पाएगी।

ग्रामवासियों ने शासन, प्रशासन से मांग किया है कि जंगल की कटाई और अवैध रूप से कब्जे को तत्काल रोक लगाते हुये अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों ने यह भी अवगत कराया है कि अभयारण्य बगदरा का अमला कार्रवाई करने का मन बनाता है। लेकिन बीच में ही राजनीत शुरू हो जाती है और वन अमले को षडय़ंत्र के तहत झूठे प्रकरणों में फंसाने की कवायद शुरू हो जाती है। और फिर बेरोक टोक वन भूमि पर अवैध कब्जे का खेल निर्बाध चलने लगता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *