Newspost, Regional Desk, A. Anand.

सिंगरौली विधानसभा क्षेत्र के पूर्व भाजपा विधायक रामलल्लू बैस ने शनिवार की सुबह ननि वार्ड क्रमांक 3 में स्थित जगमोरवा बस्ती में मुख्यमंत्री संजीवनी क्लिनिक परिसर में कडाके की ठंड में ठिठुर रहे जरूरतमंद लोगों, बुजुर्गों व महिलाओं में कम्बल का वितरण किया। समाजसेवी रामदरबार के अध्यक्ष प्रमोद दिवेदी के सौजन्य से यह कंबल वितरण का कार्यक्रम रखा गया था।

इस दौरान श्री बैस ने बताया कि कल से एक बार फिर भीषण ठंड ने जोर पकड़ा है। ऐसे में गरीब असहाय लोगों को ठंड से बचाना सभी की जिम्मेदारी है। इसीलिए क्षेत्र के गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले लोगों को चिन्हित कर उन्हें ठंड से राहत प्रदान करने हेतु कंबल वितरण किया जा रहा है, जो आगे भी जारी रहेगा। प्रमोद द्विवेदी ने बताया कि गत दिनों सिंगरौली बस स्टैंड, हॉस्पिटल तिराहा, रेलवे स्टेशन, सर्किट हाउस रोड एवं नगर निगम में कार्य कर रहे सफाई मजदूरों को चिन्हित कर उनके बीच कंबल वितरण किया गया था। आज पूर्व विधायक रामलल्लू बैस के हाथों क्षेत्र की गरीब जनता को राहत प्रदान करने का कार्य किया गया है। रविवार को अन्य जगह पर पुनः लोगों को कम्बल वितरित किया जायेगा।

ज्ञात हो कि नगर निगम के मोरवा जोन में शासन की योजनाओं का सतही ढंग से संचालन होने से काफी लोग वंचित हैं। यहाँ पूर्व विधायक को अपने बीच पाकर वहां लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने उन्हें अपनी समस्याओं से अवगत कराया जिन्हें श्री बैस ने यथासंभव पूरा करने का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *