हिट एंड रन केस में ऑटो की धज्जियां उड़ीं, 9 घायलों में एक की मौत, एक गंभीर
Newspost, City Desk, A. Anand
वैढ़न, सिंगरौली। आज बुधवार की दोपहर कोतवाली थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार बोलेरो चालक कई वाहनों को ठोकर मारते हुए भाग निकला। लोगों द्वारा वाहन को रुकवाने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोपी चालक वाहन लेकर और तेज गति से भागता रहा। इस दौरान कई वाहन और लोगों को बोलेरो चालक ने घायल किया। जब इसकी जानकारी कोतवाली पुलिस को लगी तो बोलेरो एवं बोलेरो चालक को कोतवाली पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार किया।
पूरा मामला कोतवाली थाना इलाके का है जहां पर लोग आ जा रहे थे। इस दौरान बैढ़न से माजन मोड की ओर आ रहे एक लाल रंग के बोलेरो क्रमांक एमपी 17 सीए 6185 के चालक नुकेश रावत उर्फ सोनू निवासी बरगवां ने कई वाहनों एवं लोगों को ठोकर मारा और निकल भागने का प्रयास किया। इस घटना में कलेक्टर कार्यालय के सामने खड़े एक ऑटो के परखच्चे उड़ गए, जिसमें 7 लोगों को चोटें आई हैं। वहीं माडा के जोगियानी निवासी सहबरन सिंह पिता रण सिंह उम्र 62 वर्ष की मौत हो गई है। कुछ अन्य घायलों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। जानकारी मिलते ही पुलिस का पूरा अमला बोलेरो चालक को पकड़ने में जुट गया था और परसौना के पास से आरोपी चालक को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया। पुलिस से मिली जानकारी अनुसार चालक अपने मालिक के साथ उनका इलाज कराने बैढ़न किसी क्लीनिक में आया था। मालिक को क्लीनिक में छोड़कर वह गाड़ी लेकर घूमने निकल पड़ा, जिसमें उसने कई वाहन व लोगों को टक्कर मारी।
