R.B. Singh ‘Raaz’
Regional Desk, सीधी, मध्य प्रदेश।
प्रदेश के सीधी शहर के सम्राट चौक में पार्किंग स्टैंड के समीप कल शनिवार की सुबह प्रचार का बोर्ड दुकान में लगाने के दौरान 11 हजार केव्ही लाईन के करंट की चपेट में आने से कियोस्क संचालक धीरज द्विवेदी पिता राजेन्द्र प्रसाद द्विवेदी 25 वर्ष निवासी कुकड़ीझर की मौके पर ही मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार रोजाना की तरह कल शनिवार की भी सुबह करीब 10:15 बजे धीरज द्विवेदी अपनी कियोस्क दुकान खोलने के दौरान ऊपरी मंजिल में बोर्ड लगा रहे थे। बोर्ड वहां से गुजरी 11 हजार केवी लाईन की चपेट में आ जाने से तेज करंट लगा और धीरज द्विवेदी मौके पर ही गिर गए। लोगों ने दौडक़र देखा तो उनकी सांसे थम चुकी थी। फिर भी लोगों ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया जहां परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पंचनामा एवं पोस्टमार्टम कार्रवाई के पश्चात शव परिजनों को सौंप दी गई।
