‘बाल यौन शोषण एवं बालकों से संबंधित कानून’ विषय पर कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में हुआ विधिक जागरुकता कार्यक्रम
News Desk, सिंगरौली, MP.
प्रधान जिला न्यायाधीश आर.एन. चंद के निर्देशानुसार एवं जिला न्यायाधीश, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अभिषेक सिंह के मार्गदर्शन, जिला विधिक सहायता अधिकारी अतुल सेन की उपस्थिति में कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में नालसा बालकों को मैत्रीपूर्ण विधिक सेवाएं एवं विधिक संरक्षण 2015 योजना अंतर्गत बालकों को विधिक साक्षरता प्रदान करने के उद्देश्य से “बाल यौन शोषण एवं बालकों से संबंधित कानून” विषय पर विद्यालय की बालिकाओं द्वारा प्रेरणाप्रद नुक्कड नाटक की प्रस्तुति दी गई।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बालिकाओं ने गुड टच – बैड टच आदि के बारे में उपस्थित छात्राओं को जानकारी दी। इसके साथ ही बालकों के खिलाफ होने वाले अपराधों के विरुद्ध समाज को एक कड़ा संदेश दिया। लोगों को बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों को दूर करने के लिये समाज में व्याप्त लिंगभेद को मिटाने का संदेश दिया।
इस दौरान जिला विधिक सहायता अधिकारी अतुल सेन द्वारा उपस्थित बालिकाओं को शिक्षित होकर स्वयं व अपने परिवार के साथ-साथ समाज व देश को गौरवान्वित करने के लिये प्रेरित किया गया। उन्होंने बालिकाओं को हिन्दी के साथ-साथ अन्य भाषाओं विशेषकर अंग्रेजी भाषा में पारंगत होने की भी समझाईश दी। जिला विधिक सहायता अधिकारी अतुल सेन ने उपस्थित बालिकाओं को समाज में होने वाले अपराधों के प्रति सजग रहने एवं अपने आस-पास के लोगों के व्यवहार व आचरण पर नजर रखते हुये किसी भी गलत स्पर्श का विरोध करने एवं उसकी जानकारी अपने माता-पिता या स्कूल के शिक्षक या शिक्षिकाओं को तुरंत देने की नसीहत दी।
जिला विधिक सहायता अधिकारी द्वारा उपस्थित छात्राओं एवं अन्य को पॉक्सो अधिनियम 2012 के महत्वपूर्ण प्रावधानों से भी अवगत कराया। कार्यक्रम में उपस्थित अधिवक्ता अवनीश दुबे द्वारा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित निःशुल्क विधिक सेवाओं के बारे में बताया गया। साथ ही उन्होंने छात्राओं को गुड टच- बैड टच के साथ-साथ संविधान में वर्णित संवैधानिक अधिकार, कर्तव्य आदि की जानकारी दी गई।0
कार्यक्रम के अंत में समाजसेवी अधिवक्ता अवनीश दुबे द्वारा सभी उपस्थित बालिकाओं को अपने-अपने जन्म दिवस पर कम से कम एक-एक पौधा लगाने हेतु प्रेरित करते हुये शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के दौरान शासकीय कन्या विद्यालय की प्रभारी प्राचार्या श्रीमती मीनाक्षी जायसवाल, पैरा लीगल वालटियर्स श्रीमती रीता सिंह, शिक्षक अशोक कुमार मिश्रा, नारायण पाण्डेय, अरविन्द पाण्डेय, सामाजिक कार्यकर्ता अस्मिता गुप्ता एवं बडी संख्या में छात्रायें उपस्थित रहीं।
#JansamparkMadhyaPradesh
