📌 एसपी द्वारा गठित टीम को 24 घंटे में मिली सफलता, 32 बोर पिस्टल व एक्सयूव्ही कार जप्त, आरोपी गिरफ्तार

📌 घटना के बाद प्रदेश में सियासत गरमाई, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा-दलित अत्याचारों की राजधानी बनी एमपी

Newspost, MP Regional Desk.

शनिवार को चितरंगी थाना क्षेत्र के ग्राम तेंदुहा पोड़ी में सरेराह बाइक सवार युवक को गोली मारकर हत्या करने के मुख्य आरोपी मौहरिया मंडल का भाजयुमो अध्यक्ष बताया जा रहा है। एसपी के निर्देशन में गठित पुलिस टीमों ने घेराबंदी कर उसे चितरंगी अस्पताल तिराहा से गिरफ्तार कर लिया।

इस प्रकरण का अनावरण करते हुए एसपी सिंगरौली निवेदिता गुप्ता ने बताया कि ग्राम तेंदुहा पोड़ी में शनिवार को हुए हत्याकांड के मुख्य आरोपी अभिषेक पाण्डेय पुत्र अनिल पाण्डेय उम्र 30 व वर्ष निवासी कुल्हईया ने शनिवार को प्रातः 9.30 बजे तेंदुहा पोड़ी मार्ग पर लाले बंसल पुत्र गुनीलाल बंसल उम्र 23 वर्ष निवासी दुर्दुरा की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के प्रत्यक्षदर्शियों, सीसी टीवी फुटेज आदि की सहायता से पुलिस की गठित तीन टीम ने कड़ी मशक्कत से घेराबंदी कर 24 घण्टे के भीतर उसे गिरफ्तार कर लिया।

सनक में अकारण बना हत्यारा

गिरफ्तार आरोपी ने अपने कबूलनामे में बताया कि वह शनिवार को अपने एक्सयूव्ही 300 कार से अपने भैया को लेने रीवा जा रहा था और अपने पास लायसेंसी 32बोर का पिस्टल रखा था जिसमें 8 कारतूस भरे हुए थे। आरोपी के अनुसार वह जैसे ही गिरछाँदा स्थित राजेश्वरी पेट्रोल पम्प से लगभग डेढ़ किलोमीटर आगे पहुंचा तो देखा कि एक लड़का घायल अवस्था में पड़ा हुआ है और पास में यह युवक सिर पर लाल रंग का गमछा बांधे खड़ा है। जिससे उसने पूछा कि क्या हुआ भाई, यह सुनते ही मृतक अपनी मोटरसाइकिल से कुंडैनिया रोड की तरफ भागने लगा जिसका आरोपी ने अपनी कार से पीछा किया। लेकिन लाले नहीं रुका। वह तेंदुहा पोड़ी मार्ग की तरफ भागने लगा जिसे आरोपी अभिषेक ने अपनी कार से ओवरटेक करके रोकने का प्रयास किया। लेकिन मृतक इसके बाद भी नहीं रुका और वहां से पीपरवान की ओर भागने लगा। तब उसका पीछा करते करते गुस्से से लाल आरोपी अभिषेक ने पहले डराने के लिए हवाई फायर की। इसके बाद भी नहीं रुका तो उसे गोली मारने की चेतावनी देते हुए सच में उसके पीठ पर गोली चला दिया। गोली लगने के बाद बाइक सवार युवक कुछ दूर तक गया और उसकी मौत हो गयी।

घटना के बाद आरोपी बेफिक्र अपने भैया को लेने रीवा गया और वापसी के बाद चितरंगी अस्पताल तिराहा के पास पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

इनकी रही भूमिका

पुलिस अधीक्षक निवेदिता गुप्ता के निर्देशन, एएसपी शिव कुमार वर्मा के मार्गदर्शन मे एसडीओ पी चितरंगी आशीष जैन, निरीक्षक एसएम पटेल, उप निरीक्षक उमेश तिवारी सहायक उप निरीक्षक मनीष सेन, प्रधान आरक्षक लक्ष्मी कांत मिश्रा, मनीष कुसराम, आरक्षक भैयालाल यादव, नन्दलाल यादव, मुकेश पाण्डेय, शुभम पटले, शिव कुमार पटेल, जितेंद्र तिवारी, सर्वदानंद राय, सुदर्शन चौहान, बीर सिंह, सचिन शुक्ला, आशीष पाल व शोभाल वर्मा का सराहनीय योगदान रहा।

घटना के बाद शुरू हुई सियासत, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने क्या कहा देखिये- 👇

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *