अटूट लंगर में हजारों श्रद्धालु हुए शामिल
Newspost, City Desk, सिंगरौली, मध्य प्रदेश.
बुधवार को सिखों के दशम गुरु व खालसा पंथ के संस्थापक गुरु गोबिंद सिंह जी की 357वीं जयंती को सिंगरौली गुरुद्वारे में प्रकाश पर्व के रूप में मनाया गया। शौर्य, साहस और वीरता के प्रतीक एवं खालसा पंथ के संस्थापक साहिब गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के प्रकाश पर्व पर सिंगरौली स्थित गुरुद्वारे को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य पर पूर्व में ही गुरुद्वारे साहिब में कार्यक्रम चालू हो गए थे। 15 जनवरी को सुबह 9 से श्री अखंड पाठ साहिब आरंभ हुआ इसकी समाप्ति आज सुबह गुरुद्वारे में की गई। जिसके बाद प्रकाश पर्व का दीवान सजाया गया और स्थानीय लोगों द्वारा कीर्तन प्रस्तुत किया गया। तत्पश्चात पटना साहब से पधारे रागी जत्थे द्वारा शब्द कीर्तन कर गुरु गोविंद सिंह जी के जीवनी पर प्रकाश डाला गया।

कार्यक्रम का संचालन गुरुद्वारा कमेटी के अध्यक्ष तरसेम सिंह गिल द्वारा किया गया। इसके बाद सभी ने गुरु का अटूट लंगर ग्रहण किया। जिसमें सिख समाज के अलावा भी क्षेत्र के गणमान्य नागरिक व भारी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। केंद्रीय रूप से मनाए गए इस पर्व में सिंगरौली समेत गोरबी, अमलोरी, निगाही, जयंत, बीना रेनूसागर समेत आसपास क्षेत्र से सिख समुदाय के लोग श्रद्धा और उल्लास के साथ सम्मिलित हुए।
