सिंगरौली जिले के मोरवा व बरगवां थाना क्षेत्र में हुईं दुर्घटनाएं

Newspost, Regional Desk, Singrauli, MP.

बरगवां थाना क्षेत्र के बाघाडीह में शुक्रवार को कैंपर की ठोकर से मोटर साइकिल सवार एक बालक की मौत हो गई। इसी दुर्घटना में महिला सहित 3 घायल हुए हैं। दूसरी घटना मोरवा थाना क्षेत्र के कांटा मोड़ पर गुरुवार को हुई थी। इस हादसे में मोटर साइकिल एवं स्कार्पियो की भिड़ंत में बाईक सवार की मौत जिला चिकित्सालय बैढ़न में उपचार के दौरान हो गई, दो लोग घायल भी हुए.

सिंगरौली जिले में बीते दो दिन में हुई दो दुर्घटनाओं में एक बालक व एक अधेड़ व्यक्ति की मौत और महिला सहित 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो ग‌ए हैं। घायलों का उपचार ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है। मोरवा थाना क्षेत्र के कांटा मोड़ पर स्कार्पियो से मोटर साइकिल को पीछे से लगी टक्कर के बाद बेकाबू स्कार्पियो पलट गई। जिसमें मोटर साइकिल में सवार दो लोग घायल हो गये। घायलों में एक 40 वर्षीय अधेड़ व्यक्ति ने जिला चिकित्सालय बैढ़न में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। जबकि दोनों वाहनों के दो लोग घायल हैं।
यह घटना गुरुवार रात करीब 8 बजे मोरवा थाना के कांटा मोड़ पर हुई। बेकाबू स्कार्पियो वाहन क्रमांक एमपी 66 जेडसी 8557 के चालक ने मोटरसाइकिल वाहन क्रमांक एमपी 66 एमजे 2808 में सवार राजेन्द्र प्रसाद कोल उम्र 40 वर्ष निवासी सुदा थाना चितरंगी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दिया। इस दौरान स्कार्पियों वाहन भी पलट गई। मोटर साइकिल में सवार राजेन्द्र सहित अन्य सवारी तथा स्कार्पियो वाहन के चालक को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय सह ट्रामा सेन्टर बैढ़न में भर्ती कराया गया। जहां राजेन्द्र की मौत हो गई। वहीं दोनोें घायलों को जिला चिकित्सालय के चिकित्सकों ने रेफर कर दिया है।


दूसरी घटना शुक्रवार को बरगवां थाना क्षेत्र के बाघाडीह मार्ग में शुक्रवार की रात करीब 8 बजे हुई। यहां एक कैंपर वाहन की मोटर साइकिल सवारों से टक्कर में बाईक सवार बुरी तरह से घायल हो ग‌ए। इसमें 5 साल के एक मासूम बालक की मौत हो गई। वहीं बालक की माँ व दो अन्य लोग घायल हो गये। घायलों का उपचार जिला चिकित्सालय में चल रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार महेश प्रजापति उम्र 28 वर्ष निवासी तिनगुड़ी ने अपनी मॉ मानवती प्रजापति उम्र 47 वर्ष एवं पुत्र हिवांश उम्र 7 वर्ष एवं भाई हृदयांश उम्र 5 वर्ष को लेकर मोटर साइकिल वाहन क्रमांक यूपी 64 जेड 4815 से घर जा रहा था। रास्ते में कैंपर वाहन क्रमांक एमपी 28 जी 7047 जिसका चालक तेज गति से वाहन चला रहा था, फलत: कैंपर अनियंत्रित होकर बाघाडीह सड़क मार्ग में मोटर साइकिल में टक्कर मार दिया। जहां मोटरसाइकिल में सवार हृद्यांश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और अन्य लोग घायल हो गये। घायलों को पुलिस की मदद से उपचार हेतु अस्पताल के लिए रवाना किया गया। पुलिस कैंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *