भगवान राम के जन्म स्थान अयोध्या से आए अक्षत कलशों की सिंगरौली नगर में निकली भव्य शोभा यात्रा
Newspost, City Desk, A. Anand.
भगवान श्रीराम की दिव्य नगरी अयोध्या से सिंगरौली पहुंचे 9 अक्षत कलशों की भव्य शोभा यात्रा जीवंत श्रीराम दरबार से सुसज्जित रथ के साथ निकाली गई। रविवार को विश्व हिन्दू परिषद के कार्यक्रम व नेतृत्व में हजारों भगवा ध्वजों के साथ निकाली गई यात्रा के दौरान ‘जय श्रीराम’ के गगनभेदी जयघोष व ‘हमारे राम आएंगे’ के भक्ति मय गीत से सम्पूर्ण वातावरण अलौकिक हो उठा था। शोभा यात्रा का संचालन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ व विहिप के दायित्ववान स्वयंसेवकों द्वारा किया जा रहा था।

शोभा यात्रा में सम्मिलित जिला संघ चालक दधिलाल सिंह, समरसता प्रमुख कृष्ण कुमार जायसवाल, व्यवस्था प्रमुख अनिल झा, मुन्नीलाल यादव, अजय पाण्डेय, शिवचन्द बाजपेयी, अमित तिवारी, विनोद पाठक, बद्रीनारायण बैस, रजनीश द्विवेदी, कन्हैया यादव, प्रमोद द्विवेदी, राम आश्रय यादव, मुकेश बाल्मीकी, अक्षय झा, डॉ. अविनाश राय, प्रमोद अग्रहरी, पंकज अग्रहरी, संतोष गुप्ता, गोपाल जी श्रीवास्तव, श्रीराम शुक्ला, भाजपा के भूपेंद्र गर्ग, किरण सागर, राजेश गुप्ता, सहित सैकड़ों की संख्या में स्वयंसेवक, भाजपा, महिला व युवा मोर्चा के पदाधिकारी, संघ के उप नगर मोरवा के महिला व पुरुष स्वयंसेवक व आस्थावान नगरवासी ‘जय श्रीराम’, ‘जय जय श्रीराम’ के गगनभेदी उद्घोष लगाते चल रहे थे।
यह यात्रा शिव शक्ति मंदिर, बस स्टैंड के प्रांगण से प्रारंभ हुई और नगर के प्रमुख मार्गो से भ्रमण के उपरांत वापस शिव शक्ति प्रांगण में पहुंची जहां विधिपूर्वक पूजन अर्चन व आरती के साथ कार्यक्रम को संपन्न किया गया।

उक्त कार्यक्रम के विषय में जिला संघ चालक दधिलाल सिंह ने बताया कि अयोध्या से सिंगरौली में संघ की 9 बस्तियों के लिये 9 अक्षत कलश आए हैं। आज नगर यात्रा संपन्न हुई। इसी प्रकार सभी बस्ती इकाइयों में भी शोभा यात्रा निकाली जायेगी। तत्पश्चात कलश में रखे अक्षत पीले चावल के दानों के साथ एक एक पत्रक सभी घरों में पहुंचाकर उन्हें 22 जनवरी को अयोध्या में प्रभु श्रीराम के प्राण प्रतिष्ठा के उपरांत दर्शन हेतु आमंत्रित किया जाएगा।
