मजबूत घर के लिये मजबूत नीव और बेहतर भविष्य निर्माण के लिए शिक्षा की मज़बूत नीव जरूरी- डॉ. विवेकानंद

Newspost, Corporate Desk, A. Anand.

बरगवां/ सिंगरौली, मध्य प्रदेश। हिंडालको महान द्वारा सामाजिक न्याय और शिक्षा के क्षेत्र में अपने समर्पण को प्रदर्शित करते हुये बरगवां संकुल के 200 हाई स्कूल परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र छात्राओं का सी.एम. राइज़ स्कूल में सम्मान एक कार्यक्रम में किया।

हिंडालको महान के सी.एस.आर. विभाग द्वारा 200 मेधावी छात्र- छात्राओं को एक-एक हजार रुपये प्रदान किये गये। कार्यक्रम में हिंडालको महान के नवागत मानव संसाधन प्रमुख डॉक्टर विवेकानंद मिश्रा ने बच्चों को संबोधित करते हुये कहा कि शिक्षा का महत्व बहुत उच्च है, क्योंकि शिक्षा समाज के सभी क्षेत्रों में प्रगति का माध्यम होती है। शिक्षित लोग समाज में समृद्धि, विकास और सामाजिक उत्थान में महत्वपूर्ण योगदान करते हैं। शिक्षा व्यक्ति को ज्ञान, उदारता, समझदारी और सोचने की क्षमता प्रदान करती है जो समृद्धि और समाज के विकास के लिए आवश्यक है। शिक्षा ही संसार में हमें श्रेष्ठ बनाती है सिर्फ किताबी ज्ञान ही शिक्षा नहीं होता,अपितु हमारा मानसिक विकास भी सफलता के लिए आवश्यक है। जिस तरह से मजबूत मकान के लिए मजबूत नीव बनाई जाती है, उसी तरह बेहतर भविष्य के लिये शिक्षा रूपी नीव बहुत जरूरी है। 

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य रामकृष्ण शुक्ला व उप प्राचार्य डॉ. पवन तिवारी को दो लाख का डमी चेक प्रदान करते हुये मानव संसाधन प्रमुख डॉ. विवेकानंद मिश्रा ने भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग करने की बात कही।

कार्यक्रम में सी.एस.आर. विभाग प्रमुख संजय सिंह ने मेधावी छात्र छात्राओं को प्रमाण पत्र प्रदान करते हुये और बेहतर परिणाम लाने के लिये प्रेरित किया। सी.एम. राइज स्कूल के प्राचार्य रामकृष्ण शुक्ला ने हिंडालको महान द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में इस प्रोत्साहन के लिए आभार व्यक्त किया। मेधावी विद्यार्थी सम्मान कार्यक्रम का संचालन सी.एस.आर. विभाग से बीरेंद्र पाण्डेय ने किया। कार्यक्रम के सफल संपादन में धीरेंद्र तिवारी, भोला बैश्य, जियालाल, अरविंद बैश्य, विद्यालय के जन शिक्षक महेंद्र वैश्य सहित समस्त शिक्षक शिक्षिकाओं का विशेष योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *