एक्शन मोड में भाजपा की रेखा गुप्ता सरकार, यमुना में क्रूज़ चलाने को तैयार
Newspost, National Desk. @rohitgupta
दिल्ली में गत 5 फरवरी 2025 को मतदान एवं 8 फरवरी को आए चुनाव परिणाम ने 27 साल के लंबे वनवास के बाद भाजपा को भारी बहुमत के साथ सरकार चलाने का मौका दे दिया। श्रीमती रेखा गुप्ता के नेतृत्व में नए विधानसभा के गठन के साथ ही भाजपा की सरकार अब एक्शन में आ गई है। दिल्ली में अब आयुष्मान योजना लागू कर दी गई है। भाजपा सरकार ने अपने वायदे के अनुसार आप सरकार द्वारा दबाकर रखी गई सीएजी (CAG) रिपोर्ट्स को सार्वजनिक करना शुरू कर दिया है। और तो और अब यमुना में क्रूज (छोटे जहाज) चलाने की कवायद भी शुरू कर दी गई है।
दिल्लीवासी और वहां पहुंचने वाले देशी विदेशी सैलानी यमुना नदी में अब ले सकेंगे क्रूज की सवारी का आनंद। दिल्ली सरकार ने इसका रूट भी तय कर दिया है। इसके संचालन के लिए डीटीटीडीसी ने टेंडर जारी कर दिए हैं। दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम (डीटीटीडीसी) ने इसके लिए टेंडर जारी किए हैं।
सरकार का पूरा प्रयास है कि एक अप्रैल से शुरू होने वाले नए वित्तीय वर्ष के शुरुआती महीनों में यह सुविधा दिल्ली के लोगों को मिल सके। इनका रूट जगतपुर से लेकर वजीराबाद बैराज के पास तक होगा जो करीब 6 कि.मी. का है।
