पुलिस ने एफएसएल टीम व डॉग स्क्वाड के साथ घटनास्थल का किया परीक्षण, पीएम रपट से होगा खुलासा- सूत्र.
Newspost, Regional Desk.
सिंगरौली, मध्य प्रदेश। छत्तीसगढ़ की सीमा से सटे माडा थाना क्षेत्र के धनहरा ग्राम के खेत में महुआ पेड़ के नीचे एक 38 वर्षीय युवक का शव मिलने से वहाँ सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुये आरोपियों के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज किये जाने की मांग की है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार ग्राम धनहरा निवासी सुरेश रजक पिता छोटेलाल रजक उम्र 38 वर्ष शनिवार को सायं लगभग 7 बजे घर से बाहर निकला था। रात 10 बजे तक वह घर वापस नहीं आया तब परिजन खोजबीन करने लगे। शनिवार व रविवार की मध्य रात करीब 2 बजे एक महुआ पेड़ के नीचे सुरेश रजक का संदिग्ध हालत में औंधे मुंह गिरा हुआ शव पड़ा मिला। तब परिजनों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। उक्त सूचना पर रविवार की सुबह माड़ा थाना प्रभारी मय हमराह एफएसएल व डॉग स्क्वाड को लेकर घटनास्थल पहुंचे और बारीकी से मुआयना किया। शव का अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर लिया है। पीएम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है।
