🔸सीएम के आगमन से प्रस्थान तक के कार्यक्रमों की व्यवस्था दुरस्त करने में जुटा प्रशासन 🔸अधिकारियों ने किया सभा स्थल का निरीक्षण

Newspost, MP State Desk, सिंगरौली/भोपाल

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज 1 अगस्त, गुरुवार को सायं 4 बजे सिंगरौली जिले के प्रवास पर होंगे। उनके चितरंगी विकासखंड में आगमन की सूचना प्राप्त हुई है। सीएम का यह प्रवास कुछ विशेष बताया जा रहा है। जबकि विपक्षी पार्टी कांग्रेस के लोगों का कुछ और ही कहना है। वे इसे चितरंगी गोलीकांड में दलित युवक की हत्या के बाद भाजपा की बिगड़ी छवि को सुधारने का प्रयास बता रहे हैं।

विज्ञापन:

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, सीएम यादव 4 बजे चितरंगी पहुंचकर प्रदेश की लाडली बहनों को उनके अपार समर्थन के लिए उनके प्रति आभार व्यक्त करेंगे। साथ ही श्रावण मास में राखी के पूर्व विशेष उपहार देंगे। वे सिंगल क्लिक से रक्षाबंधन गिफ्ट के रूप में ₹250 प्रदेश भर की लाडली बहनों के खाते में ट्रांसफर करेंगे। इस दौरान वे पीएम मोदी के 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौधारोपण भी करेंगे। आमसभा के दौरान लाडली बहनों के लिए एक और घोषणा करेंगे। यह होगी उन्हें अब से एलपीजी गैस सिलेंडर मात्र ₹450 में मिलने की घोषणा।

सुरक्षा व्यवस्था में 850 पुलिस कर्मियों की होगी तैनाती

दो दिन पूर्व ही सीएम के दौरे की जानकारी मिलने पर जिला प्रशासन व्यवस्थाओं में जुट गया। बुधवार शाम रीवा कमिश्नर, डीआईजी साकेत पांडेय, कलेक्टर चंद्रशेखर शुक्ला, पुलिस अधीक्षक निवेदिता गुप्ता एवं जिले के अन्य राजपत्रित अधिकारी व विन्धनगर निरीक्षक अर्चना द्विवेदी, बरगवां निरीक्षक शिवपूजन मिश्रा, गोरबी चौकी प्रभारी भिपेंद्र पाठक भी कार्यक्रम स्थल उत्कृष्ट विद्यालय खेल मैदान का जायजा लेकर व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराने में जुटे दिखे। 

इस दौरान भाजपा के जिलाध्यक्ष राम सुमिरन गुप्ता, अन्य वरिष्ठ नेता तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री राधा सिंह ने भी कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इससे पूर्व मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पुलिस उप महानिरीक्षक साकेत पांडे द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा संबंधित आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। बताया गया है कि सीएम डॉ मोहन यादव की सुरक्षा में करीब 850 पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों को तैनात किया गया है। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर हेलीपैड व्यवस्था, मार्ग व्यवस्था एवं आमसभा स्थल आदि स्थानों पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *