हाइड्रा की सहायता से भारी मशक्कत के बाद पुलिस ने शव को निकाला

Newspost, A. Anand/Manish Chaudhary, सिंगरौली, MP.

NH 39 के गोरबी-सिंगरौली मार्ग पर शुक्रवार की सुबह करीब 8 बजे परेवानाला पुल पर एक अनियंत्रित सीमेन्ट लोड ट्रक रेलिंग के एक हिस्से को तोड़ता हुआ पुल के नीचे गिर गया। ट्रक पलट गया और उसका ड्राइवर केबिन का हिस्सा चट्टानों से टकराने के बाद पानी में डूब गया। उक्त घटना में चालक की मौके पर ही मौत हो गई। 

घटना की सूचना मिलने के बाद मोरवा थाना व गोरबी चौकी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को निकालने के प्रयास में जूट गयी। सीमेंट की बोरी गीली हो जाने से ट्रक में वजन बढ़ गया था। ट्रक का केबिन उल्टा पानी में चले जाने से चालक के शव को एनसीएल ब्लाक बी परियोजना से तीन- तीन हाइड्रा मंगाकर किसी तरह कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। 

सतना से सीमेंट लेकर सिंगरौली आ रहा था ट्रक-

प्राप्त जानकारी के अनुसार चालक राम सुशील साहू पिता राम लल्लू शाहू निवासी जियावन ट्रक क्रमांक एमपी 53 जे 1853 में अल्ट्राटेक कंपनी का सीमेंट लोड कर सतना से सिंगरौली की ओर आ रहा था। आज प्रात: परेवा नाला के पुल पर ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। ट्रक के पलटने की परिस्थिति के कारण चालक राम सुशील साहू की मौके पर ही मौत हो गई। 

हादसा के बाद कुछ देर के लिए अफरा तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने हाइड्रा मंगाकर ट्रक में उसमें दबे शव को निकालने का प्रयास किया। लेकिन हाइड्रा में खराबी आने से फिर दूसरा एवं तीसरा हाइड्रा मंगाकर ट्रक के केबिन को उठाया गया और काँच तोड़कर चालक के शव को बाहर निकाला गया। जिसके बाद ट्रक को किसी तरह बाहर निकाला गया। 

क्या सच होगी केन्द्रीय सड़क/परिवहन मंत्री की बात-

ज्ञात हो कि एक दशक से अधिक समय से निर्माणाधीन एनएच 39 पर स्थित परेवा नाला के पास सड़क में बड़े बड़े व गहरे गड्ढे हैं। यहाँ आये दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। पूर्व सांसद रीती पाठक के लगभग दो कार्यकाल भूमि पूजन, शिलान्यास और केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के साथ खिंचवाए गए फोटो को साझा करने में ही बीत गया। हालांकि राज्यसभा सांसद अजय प्रताप सिंह द्वारा सदन में उठाए गए प्रश्न का उत्तर देते हुए श्री गडकरी ने दिसंबर तक राजमार्ग के बन जाने का भरोसा जताया गया था। देखना है कि इस महीने कितनी प्रगति होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *