🔸 कोतवाली पुलिस की तत्परता व जियावन पुलिस के सहयोग से मिली सफलता, ट्रक ड्राइवर को तलाश रही पुलिस
Newspost, Regional Desk, Singrauli, MP.
कोतवाली पुलिस ने रविवार सुबह पशुओं से भरे एक ट्रक को जप्त किया है। हालांकि पुलिस को पीछा करते देख चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया जिसकी तलाश जारी है। यह कार्यवाही कोतवाली प्रभारी सुधेश तिवारी को मिली जानकारी के अनुसार की गई। उन्हें छत्तीसगढ़ अथवा उत्तरप्रदेश के रास्ते प्रदेश में पशुओं की तस्करी किये जाने का पता चला था।
जानकारी के अनुसार कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि छत्तीसगढ़ या यूपी के रास्ते एमपी में पशुओं की तस्करी की जा रही है। मुखबिर की सटीक सूचना पर सिंगरौली पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता गुप्ता के निर्देशन में कोतवाली प्रभारी ने टीम गठित कर सभी मार्गों की निगरानी शुरू करा दी। पुलिस ने बैढ़न क्षेत्र से जा रहे आयशर ट्रक क्रमांक एमपी 66जी 1778 का पीछा किया। इस वाहन में पशुओं को कोतवाली के रास्ते सीधी की ओर ले जाया जा रहा था। कोतवाली पुलिस की टीम, डायल 100 और जियावन पुलिस ने नाकाबंदी कर जियावन थाना क्षेत्र में पशुओं से लदे ट्रक को जप्त कर लिया। लेकिन पुलिस कार्रवाई को भांपकर वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ट्रक के नंबर से वाहन मालिक और पशुओं को ले जाने की जगह की जांच कर रही है।
पुलिस ने ट्रक से 21 नग भैंस बरामद की है। ट्रक का पंजीयन सिंगरौली आरटीओ का है।
