बिहार भेजी गई पुलिस टीम को मिले थे सूत्र

Newspost, Crime Desk, सिंगरौली।

मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में मोरवा थाना क्षेत्र के अंतर्राज्यीय सीमा खनहना में एन‌एच 39 के किनारे खड़े एक ट्रक के चोरी चले जाने की सूचना  के बाद हरकत में आई पुलिस ने चोरी गये ट्रक को यूपी के सोनभद्र जिला के हाथीनाला थाना क्षेत्र से बरामद कर इस अपराध में शामिल आरोपी को गिरफ्तार कर उसे न्यायालय में पेश किया है।

जानकारी के अनुसार बीते 2 जुलाई को दुल्लापाथर निवासी ट्रक मालिक जितेंद्र मौर्य ने मोरवा थाने में तहरीर दी थी कि खनहना में उसके चालक ने उसका ट्रक क्रमांक एच‌आर 55 एसी 3386 रोड के किनारे खड़ा किया और खाना खाने चला गया था। वापस आकर देखा तो ट्रक वहां से गायब था। 

इस घटना पर मोरवा थाना प्रभारी कपूर त्रिपाठी ने सिंगरौली पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता गुप्ता के निर्देश व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवकुमार वर्मा एवं अनुविभागीय अधिकारी कृष्ण कुमार पांडे के मार्गदर्शन में फरियादी की रिपोर्ट पर अज्ञात चोर के खिलाफ अपराध क्र. 546/24 धारा 303(2) बीएनएस कायम कर अपराधी की तलाश शुरू कर दी गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी बिहार का रहने वाला है, फलत: उसकी तलाश में एक टीम बिहार राज्य भेजी गई। वहीं तफ्तीश के दौरान यह पता चला कि ट्रक को हाथीनाला के पास देखा गया है। इस सूचना से मोरवा थाना को अवगत कराया गया और मोरवा पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग एवं तत्काल टीम रवाना कर आरोपी को ट्रक के साथ दबोच लिया। 

पुलिस की पूछ‌ताछ में आरोपी अखिलेश उरांव उर्फ भीम पिता राजेश उरांव साकिन रोहतास बिहार हाल मुकाम खनहना ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आज बुधवार को मोरवा पुलिस ने आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में न्यायालय में पेश कर दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी चालक ने पूछताछ के दौरान चोरी की इस घटना में अन्य के शामिल होने की बात भी कबूली है, जिसे पकड़ने की कवायद शुरु कर दी गई है।

उक्त कार्यवाही में सहायक उप निरीक्षक संतोष सिंह, प्रधान आरक्षक सुमत, अर्जुन सिंह, आरक्षक नीरज यादव, अमित द्विवेदी शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *