कोतवाली पुलिस ने एक कार से जब्त किया 5 लाख कीमत का नकली घी व मसाला
Newspost, Regional Desk.
सिंगरौली, मध्य प्रदेश। कहीं आप जिसे ब्रांडेड शुद्ध घी और मसाला मानकर ऊंचे दरों पर बाजार से खरीद कर सेवन कर रहे हैं वे सामान नकली तो नहीं! कृपया सावधान हो जाएं। यह आपकी गाढ़ी कमाई के एवज आपके स्वास्थ्य को संकट में भी डाल सकते हैं। आँख खोलने वाली एक घटना बैढ़न कोतवाली क्षेत्र में रविवार को प्रकाश में आई है। कोतवाली निरीक्षक अशोक सिंह परिहार एवं उनकी टीम ने एक ऐसे व्यक्ति को पुराने आरटीओ ऑफिस के पास से पकड़ा है जो बनारस से नकली घी व मसाला लाकर जिले के दुकानदारों को सप्लाई कर रहा था। कोतवाली पुलिस ने एसपी निवेदिता गुप्ता के निर्देश पर अवधेश कुमार अग्रहरि नामक व्यक्ति के कब्जे से नकली घी व मसाले जप्त कर विभिन्न धाराओं में उसे गिरफ्तार किया है।
ऐसे पकड़ा गया मिलावटखोर
मुखबिरों के जरिए पुलिस को सूचना मिली कि न्यायालय बैढ़न के पीछे पुराने आरटीओ ऑफिस के पास एक व्यक्ति काले रंग की एक्सप्रेसो कार में नकली घी व मसाले लेकर किसी व्यापारी को विक्रय करने की फिराक में है। इस सूचना पर थाना प्रभारी कोतवाली ने तत्काल पुलिस टीम रवाना की व टीम ने रेड कार्यवाही कर आरोपी अवधेश कुमार अग्रहरि पिता गणेश प्रसाद अग्रहरि उम्र 35 वर्ष निवासी ताली के आधिपत्य की सुजुकी एक्सप्रेसो कार क्रमांक एमपी 66 सी 9005 में रखे 107.6 लीटर अनिक घी, घी बनाने का केमिकल एवं एवरेस्ट मसाला कुल कीमती 5 लाख 15 हजार रुपए का जप्त कर लिया।
उक्त खाद्य पदार्थों के संबंध में आरोपी द्वारा कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं करने पर जप्ती की कार्यवाही की गई। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध ट्रेड मार्क अधिनियम की धारा 103, 104 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर प्रकरण विवेचना में ले लिया है।
उक्त कार्रवाई में टीआई के अलावा एसआई केपी सिंह, एएसआई राजेश शुक्ला, अरविन्द द्विवेदी, प्रधान आरक्षक जितेन्द्र सेंगर, आरक्षक अभिमन्यु उपाध्याय, सुधीर का योगदान सराहनीय रहा है।
