ईसाई बने लोगों को बनाया गया था मोहरा, बरगवां पुलिस द्वारा की गई कार्यवाही

Newspost, Regional Desk, सिंगरौली, MP.

बरगवां। हिंदू सनातनी को धन व सुविधाओं का लालच देकर ईसाई बनाने का प्रयास करने वाले गिरोह के 2 सदस्यों को बरगवां पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार ग्रामीण लोगों को पैसे का लालच, अच्छा इलाज व नि:शुल्क पढ़ाई आदि का प्रलोभन देकर उनका धर्म परिवर्तन कराया जा रहा था। इस गंभीर शिकायत पर बरगवां निरीक्षक विद्या वारिधि ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर इस गिरोह के 2 सदस्यों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। वहीं इस गिरोह के अन्य सदस्यों और इनके द्वारा दिए जाने वाले पैसों के स्रोत को लेकर जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार फरियादी बीरेश कुमार बैस पिता गुलाब प्रसाद बैस निवासी घिनहागांव ने बरगवां थाने में तहरीर दर्ज कराई कि गांव के रहने वाले रामसुभग साकेत तथा बुद्धसेन साकेत पहले से ही हिन्दू धर्म छोड़कर ईसाई धर्म (क्रिस्चियन धर्म) अपना चुके हैं तथा क्षेत्र में हिन्दूओं को भी धर्म परिवर्तन कर इसाई धर्म अपनाने हेतु जबरन प्रलोभन एवं दबाव दे रहे हैं। जिनके द्वारा पूर्व में भी कई लोगों का धर्मांतरण कराया जा चुका है। फरियादी ने बताया कि आरोपियों द्वारा उनके घर आकर हिन्दू धर्म को नीचा दिखाकर ईसाई धर्म को ही सर्वश्रेष्ठ बताकर गुमराह किया जा रहा था। प्रलोभन दिया जा रहा था कि ईसाई धर्म में धर्मांतरण के बाद नौकरी भी लगवा देंगे तथा रुपये पैसे की कोई कमी नहीं होगी। बच्चों को अच्छी स्कूलों में दाखिला दिलवाकर निः शुल्क पढ़ाएंगे तथा अच्छा अस्पताल बनवा देंगे एवं अच्छी अस्पतालों में ईलाज भी करायेंगे।

बिकेश ने बताया कि पिछले 6 माह से उसके सहित मोहनलाल साकेत, हिन्छलाल साकेत, नन्दलाल साकेत एवं गांव के अन्य हिन्दुओं को धर्म परिवर्तन कर इसाई बनने हेतु दबाव बनाया जा रहा था। शिकायत मिलने पर पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता गुप्ता के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवकुमार वर्मा व एसडीओपी कृष्ण कुमार पांडे के मार्गदर्शन में निरीक्षक विद्या वारिधि तिवारी ने आरोपियों के विरुद्ध अप.क्र. 360/2024 धारा म.प्र. धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम 2021 की धारा 3/5 पंजीबद्ध कर आरोपी रामसुभग साकेत पिता रामशरण साकेत उम्र 42 वर्ष एवं बुद्धसेन साकेत पिता रामशरण साकेत उम्र 48 वर्ष दोनों निवासी घिनहागांव थाना बरगवां को गिरफ्तार कर लिया।

उक्त कार्यवाही में उप निरीक्षक रामजी त्रिपाठी, सउनि अजीत सिंह, सउनि विशेषर प्रसाद, विजय पटेल, पंकज सिंह, अनूप मिश्रा, भगवानदास प्रजापति की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *