अखिल भारतीय सार्वजनिक क्षेत्र एथलेटिक्स मीट 2024-25: कोल इंडिया टीम में शामिल एनसीएल के खिलाड़ियों का रहा शानदार प्रदर्शन
निदेशक (कार्मिक) मनीष कुमार ने खिलाड़ियों से मिलकर दी बधाई
Newspost, Corporate Desk. @rohitgupta
देहरादून में गत 16 से 18 अक्तूबर 2024 तक आयोजित त्रिदिवसीय अखिल भारतीय सार्वजनिक क्षेत्र एथलेटिक्स मीट 2024-25 में कोल इंडिया लिमिटेड का प्रतिनिधित्व करते हुए भारत सरकार की मिनीरत्न कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (NCL) के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कोल इंडिया की पदक तालिका में शानदार 11 पदकों का योगदान किया है। देहरादून में आयोजित इस प्रतियोगिता में सार्वजनिक क्षेत्र की दिग्गज कंपनियों ने हिस्सा लिया तथा इसमें कोल इंडिया ने कुल 35 पदक जीते हैं।
इन स्पर्धाओं में एनसीएल के खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
इस प्रतिष्ठित एथलेटिक्स मीट में विभिन्न श्रेणियों- 5000 मीटर, 1500 व 800 मीटर दौड़, 400 व 1600 मीटर रिले, 100, 110 व 400 मीटर हर्डल, हाई जंप, शॉर्टपुट, डिस्कस थ्रो, हैमर थ्रो, लॉन्ग जंप, ट्रिपल जंप जैसे पुरुष व महिला वर्ग में प्रतिस्पर्धाएं आयोजित की गईं। इस प्रतियोगिता के दौरान कोल इंडिया की सभी अनुषंगी कंपनियों से प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
पदक तालिका:
इस अखिल भारतीय सार्वजनिक क्षेत्र एथलेटिक्स मीट में कोल इंडिया को कुल 35 मेडल प्राप्त हुए। इसमें एनसीएल के प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2 स्वर्ण, 4 रजत एवं 5 कांस्य पदक हासिल किए हैं। इस विशिष्ट उपलब्धि पर निदेशक (कार्मिक) मनीष कुमार ने एनसीएल के खिलाड़ियों से मिलकर उन्हें बधाई दी एवं भावी प्रतियोगिताओं में इसी तरह सफलता हासिल करने हेतु शुभकामनाएँ प्रेषित की।
इन खिलाड़ियों को मिले पदक
एनसीएल टीम से सुश्री तृप्ति पुरी, (इलेक्ट्रिशियन) अमलोरी ने 5000 मीटर दौड़ में स्वर्ण, 400 मीटर रिले व 1600 मीटर रिले में कांस्य पदक प्राप्त किया है। इसी कड़ी में सुश्री लता गुप्ता (फिटर) अमलोरी ने 1500 मीटर एवं 5000 मीटर दौड़ में रजत पदक अर्जित किया है। साथ ही श्रीमती इन्दु बाला (कार्यालय अधीक्षक) मुख्यालय ने हैमर थ्रो में रजत पदक एवं डिस्कस थ्रो में कांस्य पदक हासिल किया है। इसके अलावा हर्ष शर्मा (जनरल मजदूर कटे–1) मुख्यालय ने 400 मीटर हर्डल में स्वर्ण पदक, जगत वैश (डंपर आपरेटर) जयंत ने 10,000 मीटर दौड़ में कांस्य व 1600 मीटर रिले में रजत पदक तथा संजय कुमार यादव (फिटर) दूधीचुआ ने शॉटपुट में कांस्य पदक जीता है।

