दोषियों को सामने लाने के लिए स्थानीय लोगों ने एसडीएम को सौंपा मुख्यमंत्री को प्रेषित पत्र

📌पुलिस की लीपापोती से भड़के लोग, असामाजिक तत्वों को उजागर करने के लिये दिया तीन दिन का अल्टीमेटम

Newspostg, Regional Desk, सिंगरौली, Report- Bihari Lal Gupta. 🔍✒️Editor-Rohit Gupta. 

मध्य प्रदेश का सिंगरौली जिला, श्रृंगी ऋषि की यह भूमि हिन्दू आस्था के केन्द्र, देवी माँ के मंदिर में तोड़फोड़ और मंदिर की दीवारों पर असामाजिक तत्वों द्वारा लिखी गई अभद्र टिप्पणियों के कारण सुर्खियों में है। गत शुक्रवार, 17 मई को जिले के सरई नगर परिषद के दर्जन भर वासियों ने देवसर एसडीएम कार्यालय का रुख किया और प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम लिखा गया एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में हिन्दू आस्था से खिलवाड़ एवं अपमानित करने का जिक्र करते हुए असामाजिक तत्वों को तीन दिन में उजागर किये जाने और कठोर कार्यवाही की मांग की गई है। ऐसा नहीं किये जाने पर सरई थाना अथवा एसडीएम कार्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना देने की चेतावनी भी दी गई है।  

यह प्रकरण नगर परिषद सरई के वार्ड नं 12 नौडिया घाघी में निर्मित माता रानी मंदिर का बताया गया है। सौंपे ग‌ए पत्र में मंदिर में स्थापित माता रानी की मूर्ति एवं अन्य देवी देवताओं की स्थापित मूर्तियों को अज्ञात आसामाजिक तत्वों द्वारा तोड़ दिये जाने एवं मन्दिर में लगे त्रिशूल व अन्य चीजों को नष्ट कर दिये जाने का जिक्र है। पत्र में तोड़फोड़ के साथ ही मंदिर के दीवारों पर अभद्र टिप्पणी लिखे जाने का भी उल्लेख किया गया है। इन लोगों का कहना है कि जब यह मामला चहुंओर फैलाने लगा तब जाकर थाना प्रभारी सरई ज्ञानेंद्र सिंह बघेल पुलिस बल के साथ उक्त मंदिर परिसर पहुंचे और इस गंभीर घटना से स्वयं को बचाने और मामले को शांत करने के उद्देश्य से बिना पूजा पाठ कराए आनन फानन ही माता रानी की खंडित मूर्ति पर घी और सिंदूर लगवा दिया।

वार्डवासियों का कहना है कि, इससे हम सब की आस्था को ठेस पहुंचा है। इसके अलावा मन्दिर की दीवारों पर लिखी गई अभद्र टिप्पणियों को थाना प्रभारी द्वारा चूना से पोतवा दिया गया ताकि वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा जांच के दौरान घटना की वास्तविकता न दिखाई दे और सत्य उजागर न होने पाए। बताया गया है कि क्षेत्र में लगातार इस तरह की घटनाएं घटित हो रही हैं। लेकिन सरई पुलिस खुलासा नहीं कर पाती, इसलिए सरई पुलिस पर सवाल खड़ा होता है।

आखिरकार वह कौन है जो मंदिरों में रखी मूर्तियों को लगातार तोड़ रहा है और पुलिस को जांच करने के बाद भी कामयाबी नहीं मिल रही है। इस पर ग्रामीण जनों का कहना है कि घाघी मंदिर में देवी देवताओं की स्थापित मूर्तियों को खंडित कर नुकसान पहुंचाने के साथ ही हिन्दू आस्था के साथ खिलवाड़ करने के मामले की गहराई से जांच कर आरोपी को सामने लाया जाए सौपें गये ज्ञापन में जिक्र किया गया है कि अगर तीन दिवस के अंदर आरोपी को सामने नहीं लाया गया तो इस क्षेत्र के समस्त ग्रामीण जन एवं धार्मिक संगठनों के लोग सरई थाना या सरई एसडीएम कार्यालय के सामने अपनी आस्था को बचाने के लिए अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे जिसका जिम्मेदार स्वयं प्रशासन की होगा। उक्त ज्ञापन सरई नगर परिषद के लोगों द्वारा सामूहिक रूप से सौंपा गया।

https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-2538020424555674

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *