वेयरहाउस एवं अन्य लोन के 4 करोड़ 83 लाख रुपए जमा न करने का मामला

इंडियन बैंक ने अखबारों में प्रकाशित कराई कुर्की की नोटिस

Newspostg, MP State Desk. RB Singh ‘Raaz’.

लंबे समय तक भाजपा के सीधी से विधायक रहने के दौरान बैंकों से करोड़ों रुपए के कर्ज लेकर बड़े-बड़े वेयरहाउस और भवन निर्माण कर धंधा व्यापार और आर्थिक लाभ कमाने के बावजूद राजनीतिक रसूख के दम पर बैंक के कर्ज को तय समय पर चुकता नहीं करना अब भाजपा के बागी, पूर्व विधायक केदारनाथ शुक्ला को बहुत भारी पड़ रहा है।

बैंक से कर्जा लेने के बाद समय पर कर्ज चुकता न करने के मामले में सीधी के पूर्व विधायक केदारनाथ शुक्ला की अब मुश्किलेें बढ़ गई हैं। उनके खिलाफ बैंक द्वारा 4 करोड़ 83 लाख 5 हजार 815 रुपए का सम्मन जारी किया गया है। साथ ही उनकी जमीन की कुर्की का आदेश भी जारी कर दिया गया है। ऐसे में विधायक की मुसीबतें अब और ज्यादा बढ़ती नजर आ रही हैं।

क्या है पूरा मामला

प्राप्त जानकारी के अनुसार अतीत में सीधी विधायक रहे केदारनाथ शुक्ला द्वारा हड़बड़ो में वेयरहाउस के नाम पर इंडियन बैंक (तत्कालीन इलाहाबाद बैंक) से अपनी पत्नी के नाम से कर्ज लिया गया था जिसके गारंटर वो खुद बने थे। इसके साथ ही थनहवा टोला में भी घर बनाने के नाम पर उनके द्वारा कर्ज लिया गया है, लेकिन समय पर भुगतान न होने की वजह से अब बैंक द्वारा विधिवत अखबार में नोटिस प्रकाशित करवाया गया है।
बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय जबलपुर से जारी इश्तिहार में वात्सल्य कुमार वसूली अधिकारी ने 1 मई को आदेश जारी किया है कि इंडियन बैंक में शरन वेयरहाउस एवं अन्य में पारित वसूली पत्र क्रमांक आरसी नंबर आरसी 531/2019/ओ, एएनओ, 1114/2028 में जारी राशि की वसूली प्रमाण पत्र 4 करोड 83 लाख 5 हजार 815 रुपए तथा उस पर 11.5% प्रति वर्ष की दर से दिनांक 10 सितंबर 2018 से ब्याज एवं वसूली हेतु सम्पत्ति की ऑनलाईन ई-नीलामी प्रक्रिया की जा रही है।

नीलामी की तिथि भी कर दी गई जारी

बैंक द्वारा नीलामी की तिथि भी जारी कर दी गई, जिसमें उल्लेखित किया गया है कि लैंड प्रॉपर्टी एरिया 0.872 हे. आउट ऑफ टोटल एरिया 1.802 हे. खसरा नंबर 256/1 ग्राम सीधी कला, पटवारी हल्का डैनिहा, तहसील गोपद बनास सीधी में प्रॉपर्टी का नाम- शरन वेयरहाउस, प्रोजेक्टर श्रीमती सावित्री शुक्ला पत्नी केदारनाथ शुक्ला एवं दूसरी प्रापर्टी एरिया 2.10 हे. खसरा नंबर 2497 ग्राम हड़बड़ो हल्का पटवारी हड़बड़ो जिला सीधी तहसील गोपद बनास में प्रॉपर्टी के नाम केदारनाथ शुक्ला एवं सावित्री शुक्ला प्रारक्षित मूल्य रुपए 1 करोड़ 30 लाख तथा दूसरी जमीन की कीमत 2 करोड़ 60 लाख रुपए है। ब्याज सहित पूरी कीमत बैंक द्वारा आंकी जा चुकी है।

इस मामले में नीलामी की तिथि भी जारी निविदा में तय की गई है कि वेयर हाउस हड़बड़ो एवं डैनिहा में जमीन एवं मकान के लिए इच्छुक निवेदनकर्ताओं को सूचित किया गया है कि निविदा जमा करने के पूर्व व्यवसायी में उपलब्ध नीलामी बिड प्रपत्र तथा विस्तृत नियमों व शर्तों का अवलोकन कर लें। जहां की निविदा फार्म भरने की अंतिम तारीख 17 जून 2024 है।

बैंक द्वारा ये भी रखी गई हैं शर्तें

ऑनलाईन प्रक्रिया के तहत बैंक द्वारा जारी इश्तिहार में शर्तें भी रखी गई हैं जिसमें कि सफल बोलीकर्ता जिसके पक्ष में घोषित किए जाने की स्थिति में 25 प्रतिशत बोली राशि अगले दिन जमा करनी होगी। वहीं अन्य प्रावधान भी शर्तों के अनुसार किया गया है। साथ ही ये कहा गया है कि सम्पत्ति निरीक्षण 3 जून 2024 को प्रात: 12 बजे से शाम 4 बजे तक किया जा सकेगा। साथ ही ई-नीलामी की प्रक्रिया के बाद कोई सुनवाई नहीं होगी। यह आदेश इंडियन बैंक जबलपुर के वसूली अधिकारी द्वारा इश्तिहार में भी दिया जा चुका है। ई-नीलामी खोलने की तिथि 19 जून को दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक होने का समय नियत किया गया है।

हमने कर्ज लिया था, कानूनी प्रक्रिया चल रही है: केदारनाथ

इस संबंध में भाजपा के पूर्व विधायक सीधी केदारनाथ शुक्ला ने कहा कि वेयरहाउस हड़बड़ो एवं एक अन्य जमीन के मामले में हमने कर्ज लिया था। कानून की प्रक्रिया है। इसे भरना पड़ेगा। हिसाब-किताब में कुछ गड़बड़ी है, प्रक्रिया चल रही है। ऐसे में बैंक क्या आदेश कर रही है पूरा हिसाब करने के बाद ही बता पाएंगे।

भाजपा के खिलाफ चुनाव लड़ना पड़ा महंगा

यहां याद दिलाते चलें कि सीधी जिले से चार बार विधायक रहे केदारनाथ शुक्ला को जब पांचवी बार भाजपा ने टिकट नहीं दिया तब वो निर्दलीय रूप से चुनाव मैदान में आ गए। यहां तक कि सीधी विधानसभा की प्रत्याशी रहीं एवं विधायक रीती पाठक के खिलाफ अनर्गल टिप्पणी भी वो चुनाव प्रचार के दौरान करते रहे। शायद कहीं न कहीं यही वजह होगी कि भाजपा के खिलाफ चुनाव लड़ना और अनर्गल टिप्पणी करना, फिर चुनाव हार जाना उन्हें महंगा पड़ा है। अब देखना है कि इस मामले में यदि वो सही हैं, राशि जमा कर रहे हैं तो ठीक है अन्यथा कानूनी प्रक्रिया के तहत वेयरहाउस की नीलामी होना तय माना जा रहा है।

https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-2538020424555674

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *