नगर निगम सिंगरौली के आयुक्त ने लापरवाह कर्मियों को दी चेतावनी, हर समय दो फायर ब्रिगेड तैयार रखने को कहा
Newspost, City Desk. A. Anand.
सिंगरौली, मध्य प्रदेश। नगर पालिक निगम सिंगरौली के आयुक्त डीके शर्मा ने साप्ताहिक समीक्षा बैठक में नगरीय क्षेत्र में चल रहे कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने नगरीय क्षेत्र में पेयजल की उपलब्धता की समीक्षा की और एक दल गठित किया गया जो नगर के सभी वार्डो में सर्वे के माध्यम से अनुपयोगी नल कनेक्शनों को चिन्हित करेगा। फिर उस रिपोर्ट के आधार पर अनुपयोगी नल कनेक्शन को बंद कराने की कार्यवाही की जाएगी। निगम आयुक्त ने कहा इस भीषण गर्मी में हर जीव को पानी की आवश्यकता होती है। मनुष्य तो अपनी वेदना बता सकते हैं। लेकिन पशु-पक्षी अपनी वेदना व्यक्त नहीं कर सकते हैं।
आयुक्त के निर्देश पर गोवंश एवं अन्य पशु पक्षियों के लिए निगम द्वारा निगम कॉलोनी के बाहर, निगम मुख्यालय के बाहर, माजन मोड़ पेट्रोल पंप के पास, सर्किट हाउस, सन्डे मार्केट, इंद्रा चौक, कृषि उपज मंडी, रिलायंस चौराहा, विंध्यनगर पेट्रोल पंप सहित अन्य स्थानों को चिन्हित कर पानी के नाद (पात्र) रखवाए गए। इनकी भी आयुक्त ने समीक्षा की और कहा कि प्रतिदिन इनमें स्वच्छ जल को भरने की समुचित व्यवस्था करें। आयुक्त श्री शर्मा ने कठोर शब्दों मेें कहा कि लापरवाही करने पर संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
नाले-नालियों की साफ -सफाई में लाएं तेजी:
नगर निगम आयुक्त ने निर्देशित किया कि आकस्मिक दुर्घटनाओं को दृष्टिगत रखते हुये हर समय कम से कम दो फायर ब्रिगेड तैयार रखें। जिनकी व्हीकल लाइट, हूटर, बत्ती और मशीनरी सही तरीके से काम करें। उन्होंने कंट्रोल रूम के सभी कर्मचारियों को पूरी तरह सजग और आपात स्थिति में कार्रवाई के लिए पूरे दमखम के साथ तैयार रहने को कहा।
समीक्षा बैठक में ये रहे सम्मिलित:
नगर निगम आयुक्त श्री शर्मा सभी जोनों के सहायक यंत्रियों को अपने क्षेत्र के नाले-नालियों की साफ -सफाई को प्राथमिकता के आधार पर कराने हेतु निर्देशित किया। बैठक के दौरान नगर निगम के कार्यपालन यंत्री व्हीपी उपाध्याय, उपायुक्त वित्त सत्यम मिश्रा सहित सहायक यंत्री, उपयंत्री व अन्य सहायक उपस्थित रहे।
विनम्र अनुरोध: NPG Media Group आप सभी से करबद्ध अनुरोध करता है कि अपने घरों में तथा आसपास चिड़िया व पशु पक्षियों के लिये पानी की व्यवस्था कर प्रकृति का सहयोग करें! धन्यवाद !! 🙏
