अब शुरू हुआ मतदान की समीक्षा और दावों का दौर
Newspost, Election Desk, RB Singh ‘Raaz’, सीधी
एमपी के विधानसभा आम चुनाव 2023 को लेकर बीते करीब डेढ़ माह से चुनावी रंग में रंगी पूरी फिजां और प्रचार वाहनों के शोर शराबे बीते शुक्रवार 17 नवंबर को हुए मतदान के दो दिन पूर्व ही थम गया था। मतदान समाप्त हो जाने के साथ ही अब जीत-हार के दावे और समीक्षाओं का दौर शुरू हो गया है। अब जीत हार के दावे और समीक्षाएं राजनैतिक दलों के लोग करने में व्यस्त हैं। गली-मोहल्लों, नुक्कड़ों एवं चाय पान की दुकानों में भी बस परिणामों को लेकर ही चर्चा हो रही है।
भाजपा-कांग्रेस की ओर से जहां अपने-अपने प्रत्याशियों की जीत के बड़े दावे किए जा रहे हैं। वहीं छोटे दलों के प्रत्याशियों में भी चुनावी नतीजे घोषित होने तक चमक कायम रहने की संभावना है। कुछ निर्दलीय प्रत्याशियों द्वारा भी जीत के दावे किए जा रहे हैं। बहरहाल इन दावों में कितनी सच्चाई है इसकी हकीकत तो 3 दिसंबर को चुनावी नतीजे घोषित होने के बाद ही मालूम पड़ेगा।
