फाइनल आंकड़े 70.93%, जिले भर में संपन्न हुआ शांतिपूर्वक मतदान
बुजुर्गों, दिव्यांगों तथा नव मतदाताओं ने उत्साह से किया मतदान
Newspost, Election Desk, RB Singh ‘Raaz’.
मध्य प्रदेश में शुक्रवार, 17 नवंबर को सभी 230 सीटों पर एक साथ मतदान किया गया। इस प्रक्रिया के तहत सीधी जिले के चार विधानसभा क्षेत्रों के 1207 मतदान केंद्रों में प्रातः 7 बजे से कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान आरंभ हुआ। मतदान शुरू होते ही कई मतदान केन्द्रों में मतदाताओं की लम्बी-लम्बी कतारें देखी गईंं। उत्सव के माहौल में बुजुर्गों, दिव्यांगों तथा पहली बार मतदाता बने युवाओं ने उत्साह के साथ मतदान किया। जिले में कई मतदान केन्द्रों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। महिला मतदान कर्मियों के बूथ तथा आदर्श मतदान केन्द्र बनाये गये थे। मतदान को लेकर मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह रहा।

सायं 5 बजे तक जिले में लगभग 66 प्रतिशत मतदान हो चुका था। निर्धारित समय सायं 6 बजे तक सभी मतदान केंद्रों में मतदान हुआ। जिले में सभी मतदान केन्द्रों में शांतिपूर्वक मतदान संपन्न हुआ। शाम 6 बजे तक मतदान का आंकड़ा 70.93% हो गया।
देखिये विधानसभा क्षेत्रवार मतदान का विवरण ?

जिले में प्रातः 5.30 बजे से सभी मतदान केन्द्रों में मॉक पोल की प्रक्रिया आरंभ हुई। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी साकेत मालवीय ने मतदान केंद्र सोनवर्षा और पनवार में मॉक पोल की प्रक्रिया का अवलोकन किया। उनके साथ मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत राहुल धोटे भी उपस्थित रहे। मॉकपोल के बाद प्रातः 7 बजे से वास्तवित मतदान आरंभ हुआ। मॉक पोल के दौरान ईव्हीएम में तकनीकी खराबी के कारण जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों कुल 27 बीयू, 08 सीयू तथा 14 व्हीव्हीपीएटी बदले गए। 76-चुरहट में 11 बीयू, 04 सीयू तथा 04 व्हीव्हीपीएटी, 77-सीधी में 07 बीयू, 00 सीयू तथा 04 व्हीव्हीपीएटी, 78-सिहावल में 06 बीयू, 03 सीयू तथा 02 व्हीव्हीपीएटी एवं 82-धौहनी में 03 बीयू, 01 सीयू तथा 04 व्हीव्हीपीएटी बदले गए हैं। मतदान के दौरान भी कुछ ईव्हीएम में तकनीकी बाधाएं आईं जिन्हें तत्परता से दूर करके सुचारू मतदान कराया गया।
