देवसर विधानसभा क्षेत्र के माड़ा में भारी भीड़ देखकर उत्साहित हुए मुख्यमंत्री, संबोधन के बीच पहुंचे जनता के बीच, कहा- हर परिवार से एक के रोजगार की करूंगा व्यवस्था, बहनों ने लुटाया स्नेह

Newspost, Election Desk. @RohitGupta

सिंगरौली, मध्य प्रदेश.

मुख्यमंत्री बनने का मुझे शौक नहीं है। पूरा मध्य प्रदेश मेरा परिवार है। मुझे आप लोगों की जिंदगी बनाना है। बीजेपी की सरकार बनी तो प्रत्येक परिवार से एक सदस्य को रोजगार की व्यवस्था करूँगा। सिंगरौली जिले सहित प्रदेश में एक भी कच्चा मकान नहीं रहने दूँगा। सबकी जिंदगी बदलनी है, इसलिए सरकार में आना है। 

यह बातें देवसर विधानसभा सीट के भाजपा प्रत्याशी राजेन्द्र मेश्राम के समर्थन में माडा के छतौली में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहीं। उन्होंने कहा कि मैं सीएम या नेता नहीं हूँ और न ही सरकार चलाता हूँ मैं तो परिवार चलाता हूँ। प्रदेश मेरा परिवार है और परिवार की सेवा मेरी जिम्मेदारी है। मध्यप्रदेश सरकार को संजीवनी देने वाली लाड़ली बहना योजना की चर्चा करते हुए सीएम श्री चौहान ने कहा कि मैं नाम का नहीं बल्कि सबका सगा भाई हूँ। इसलिए मुझे बहनों की चिंता है। लाडली योजना से बहनों को आर्थिक रूप से सशक्त तो बनाऊंगा ही साथ ही किसान निधि जो अभी तक 12 हजार मिल रहा है उसे भी बढ़ाकर 24 हजार वार्षिक करूँगा ताकि किसान भाइयों को और आर्थिक फायदा मिल सके। सीएम श्री चौहान ने एक और घोषणा करते हुए कहा कि यदि प्रदेश में पुनः बीजेपी की सरकार बनती है तो प्रत्येक परिवार एक सदस्य को रोजगार देने की गारंटेड योजना लाएंगे। ताकि कम से कम परिवार के एक सदस्य के हाथ में नौकरी हो। 

देवसर में खुलेगा 10 सीएम राइज स्कूल

चुनावी सभा में करीब 10 हजार की संख्या को देख गदगद श्री चौहान ने निजी विद्यालय की तरह गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए देवसर क्षेत्र में 20 -25 गांव के अंतराल में 10 सीएम राइज स्कूल खोलने की घोषणा भी की। साथ ही गांव को पीएम आवास, लाडली बहना आवास व मुख्यमंत्री आवास  योजना का लाभ देकर सभी कच्चे मकानों को पक्के मकानों में परिवर्तित करने की भी बात कही। सीएम श्री चौहान ने कहा कि देवसर का जितना भी विकास हुआ है वह बीजेपी ने किया है और आगे भी बीजेपी सरकार ही करेगी।  

सीएम से गले लग बहनों ने दिया आशीर्वाद

सभा के अंत में सीएम श्री चौहान बहनों व किसान भाइयों के बीच जैसे ही पहुंचे, उसके बाद तो लगा जैसे कोई वर्षों से बिछड़ा सगा भाई आ गया हो। माता, बहनें सीएम को गले लगाने लगीं, तो कोई हाथ मिलाने लगा। सीएम चौहान इस दौरान सभी बहनों का हाथ अपने सिर पर रखकर सबसे आशीर्वाद मांगते दिखे। जनता व सीएम का यह मिलन देख लोग भी हतप्रभ थे। ग्रामीण अंचल में सीएम का जादू बरकरार है।  

कांग्रेस धोखेबाज, आप है परदेशी- सीएम

अपने दो दिवसीय चुनावी कार्यक्रम में सिंगरौली पहुंचे सीएम चौहान ने 5 नवम्बर की देर रात्रि सिंगरौली विधानसभा सभा प्रत्याशी राम निवास शाह के पक्ष में रोड शो करने निर्धारित समय से 4 घंटे विलंब से जिला मुख्यालय पहुंचे। श्री चौहान ने लाडली बहना सहित तमाम विकास कार्यों को गिनाया और कहा कि सिंगरौली मेरा जिला है। इस जिले से मुझे बहुत प्रेम है। सिंगरौली में उनका प्राण बसता है। जिले के विकास में कोई कसर नही छोड़ेंगे। इस दौरान कांग्रेस व आम आदमी पार्टी को आड़े हाथ लेते हुए सीएम चौहान ने कहा कि कांग्रेस एक चालू व धोखेबाज पार्टी है। तो आम आदमी की स्थिति एक परदेशी की तरह है जो एक दिन पहली गाड़ी से घर को चले जायेंगे। दोनों पार्टियों के लुभावने वादों में न फंसे। एक बार गलती करके आप की महापौर बनाये। फ्री- फ्री बोलकर वोट लिया, लेकिन आज तक कुछ नहीं दिया, दूसरी कांग्रेस है, कुछ देना या विकास करना तो दूर, चल रही जन कल्याणकारी योजनाओं को ही बंद कर दिया जाता है। 

सीएम ने इंडिया गठबंधन को भी घेरा और कहा कि गठबंधन मजबूत होने से पहले ही टूट गया। यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव व नीतीश कुमार भी कांग्रेस को चालू व धोखेबाज पार्टी कहने लगे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *