कलेक्ट्रेट में हु‌ई बैठक, तैयारियों में जुटा जिला प्रशासन

Newspost, Regional Desk, A. Anand.

सिंगरौली। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का जिले में 28 फरवरी को पहला भ्रमण कार्यक्रम प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के पहले सिंगरौली दौरे को लेकर जिला प्रशासन कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु तैयारियों में जुट गया है। इस संबंध में कलेक्टर अरुण परमार की अध्यक्षता एवं वन मण्डल अधिकारी अखिल बंसल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गजेन्द्र सिंह नागेश की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में जिले के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। 

बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिये कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के जिले में प्रस्तावित भ्रमण के लिये विभागीय अधिकारी अपने अपने विभागों से संबंधित केन्द्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों की सूची तैयार करें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम के दौरान चयनित हितग्राहियों को मुख्यमंत्री जी के हाथों लाभान्वित कराया जाना है। प्रधानमंत्री जन मन योजना के लाभ से कोई भी पात्र हितग्राही छूटे नहीं, इसकी भी सूची तैयार कर प्रस्तुत करें। कलेक्टर ने कहा कि विभागीय अधिकारी अपने विभागों से संबंधित ऐसे विकास कार्य जिनका भूमिपूजन, लोकार्पण कराया जाना है इसकी सूची तैयार कर आज ही लोक सेवा प्रबंधक के पास दिया जाना सुनिश्चित करें। 

कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिये कि विभागीय अधिकारी हर हाल में मुख्यालय में उपस्थित रहें। किसी को अवकाश की स्वीकृति नही दी जायेगी। विभागीय अधिकारी अपने अधिनस्थों को भी बिना स्वीकृति अवकाश प्रदान न करें। उन्होंने उप खण्ड अधिकारियों को निर्देश दिये कि राजस्व महा अभियान के तहत शत प्रतिशत राजस्व प्रकरणों का निराकरण करें तथा अपने स्तर पर समीक्षा बैठक आयोजित कर राजस्व प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करायें। 

बैठक के दौरान अपर कलेक्टर अरविंद झा, संयुक्त कलेक्टर राजेश शुक्ला, नगर निगम आयुक्त सतेन्द्र सिंह धाकरे, तहसीलदार रमेश कोल, जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुराग मोदी, जिला परिवहन अधिकारी बिक्रम सिंह राठौर, डीपीओ राजेश राम गुप्ता, सहायक आयुक्त जन जाति कार्य विभाग संजय खेडकर, जिला आपूर्ति अधिकारी पी.सी चन्द्रवंशी, उप संचालक पिछड़ा वर्ग योगेन्द्र राज,उद्योग प्रबंधक एस.आर मंसूरी, कृषि विभाग के अधिकारी मनोज सिंह, कार्यपालन यंत्री विद्युत, लोक निर्माण विभाग, पीआईयू, नगर निगम सहित जिलाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *