10 वर्ष के मासूम ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, सदमे में परिवार, क्षेत्र में गहन शोक, स्कूल के हजारों बच्चे भी सदमे में..
मोरवा थाना क्षेत्र की घटना, जांच में जुटी पुलिस टीम
Newspost, MP CG, Singrauli.
मध्य प्रदेश। सिंगरौली जिले के मोरवा थाना क्षेत्र के लिए गुरुवार का सवेरा शोक संवेदना और चिंता को लेकर आया। प्रात: एक ऐसी हृदय विदारक घटना सामने आई जिसने लाखों अभिभावकों को सन्न कर दिया है। यहां एक 10 साल का मासूम जो स्थानीय इंग्लिश मीडियम क्राइस्ट ज्योति सीनियर सेकेंडरी स्कूल में चौथी का छात्र था। उसने बीती रात अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जाता है कि परीक्षा में कम अंक मिले थे, जिसकी जानकारी होने पर उसकी मां ने डांटा था। इस घटना से क्षुब्द होकर मासूम ने ऐसा कदम उठाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार देर शाम करीब 8 बजे रिशु उर्फ इंद्रेश सिंह पिता गुमान सिंह निवासी एचबी- 291 एनसीएल कॉलोनी ने घर के अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मासूम खेल रहा था। मां ने उसे पढ़ने के लिए डांटा। इतनी सी बात पर गुस्सा होकर उसने कमरे में फांसी लगा ली। घटना के समय मां और उसका बड़ा बेटा कर्मवीर सिंह दूसरे कमरे में थे। वहीं पिता ड्यूटी पर गए थे।
इस घटना के बाद जहां परिजन सदमे में हैं, वहीं क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। स्कूल के बच्चे और उनके अभिभावक भी शोकाकुल हो गए। घटना की सूचना परिजनों ने मोरवा थाने को दी। उक्त सूचना पर निरीक्षक अशोक सिंह परिहार में तत्काल सहायक उप निरीक्षक जयराम गुप्ता को पुलिस दल के साथ घटनास्थल पर भेजा।
पुलिस में शव का पंचनामा कर पीएम हेतु भिजवा दिया है। बताया जाता है कि एनसीएल कर्मी गुमान सिंह के दोनों बच्चे क्राइस्ट ज्योति स्कूल के छात्र थे। इधर विद्यालय ने भी घटना की सूचना मिलते ही छुट्टी घोषित कर दी।
