सुंदरलाल शाह को जिला संयोजक तथा रविन्द्र सिंह, राज कुमार दुबे एवं देवेश पांडेय बने सह संयोजक
Newspost, Regional Desk, सिंगरौली, MP.
केंद्र की मोदी सरकार के निर्देशानुसार विकसित भारत संकल्प यात्रा का आयोजन मध्य प्रदेश में आगामी 16 से 25 दिसंबर तक होने जा रहा है। यात्रा प्रदेश के हर जिले में जाएगी।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उज्जैन से इस संकल्प यात्रा का शुभारंभ करेंगे। यात्रा में सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने एवं अधिक से अधिक पात्र लोगों को योजनाओं में जोड़ने का विशेष अभियान चलाया जाएगा। भारतीय जनता पार्टी इस योजना को प्रभावी बनाने के लिये संगठन स्तर से भी सक्रिय हो गई है। प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के नेतृत्व में पूरी भाजपा इस यात्रा को सफल व प्रभावी बनाने के लिये लगी हुई है।
सिंगरौली में जिलाध्यक्ष राम सुमिरन गुप्ता के नेतृत्व में इस संकल्प यात्रा को सफल करने के लिए भारतीय जनता पार्टी की अपनी समिति का गठन कर दिया है। जिला महामंत्री सुंदरलाल शाह को विकसित भारत संकल्प यात्रा का संयोजक बनाया गया है तथा जिला उपाध्यक्ष डा. रविन्द्र सिंह, जिला महामंत्री राज कुमार दुबे एवं निगम अध्यक्ष देवेश पांडेय को यात्रा का सह संयोजक बनाया गया है।
यात्रा के सफल संचालन के लिये विधानसभावार टोलियों का भी गठन किया गया है जिसमें सिंगरौली विधानसभा की टोली में जिला मंत्री अरविंद तिवारी, जिला मंत्री पूनम गुप्ता एवं महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सीमा जायसवाल को रखा गया है। देवसर विधानसभा की टोली में जिला मंत्री ध्रुव सिंह, एसटी मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश पनाड़िया तथा जिला कार्य समिति सदस्य कमलेश शर्मा को रखा गया है। चितरंगी विधानसभा की टोली में जिला उपाध्यक्ष चंद्रिका वैश्य, जिला महामंत्री लालपति साकेत तथा किसान मोर्चा जिला महामंत्री राजेश सिंह की नियुक्ति की गई है।
