मोरवा थाना के कतरिहार गांव से लापता किशोरी लगभग 8 माह बाद छतरपुर में मिली

Newspost, MP News Desk.

सिंगरौली, मध्य प्रदेश। मोरवा थाना क्षेत्र के ग्राम कतरिहार से लगभग 8 माह पूर्व गायब हुई 14 वर्षीय नाबालिग को छतरपुर से दस्तयाब किया गया है। पुलिस ने इस मामले में छतरपुर के एक 26 वर्षीय युवक को गिरफ्तार भी किया है। पुलिस के अनुसार वह सोशल मीडिया का सहारा लेकर नाबालिग बालिका को अपने प्रेम जाल में फंसाया और उसे भगाकर छतरपुर ले गया जहाँ उसके साथ दुष्कर्म किया। 

जिले से गुम हुए बालक/बालिकाओं के दस्तयाबी हेतु सिंगरौली पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता गुप्ता द्वारा विशेष निर्देश के बाद जिले की पुलिस अपने थाना क्षेत्र से गायब हुए लोगों को ढूंढने में जुटी हुई है। मोरवा पुलिस ने ग्राम कतरिहार से गुमशुदा 14 वर्षीय नाबालिग की दस्तयाबी कर उसके परिजनों को सौंप दिया है। 

जानकारी के अनुसार 26 मार्च 2024 की दोपहर जब उसके परिजन खेतों पर काम करने गए थे, तब एक 14 वर्षीय नाबालिग लड़की ग्राम कतरिहार से गायब हो गई थी। कई जगह पता तलाश करने पर भी जब उसकी सूचना हाथ नहीं लगी तो परिजन थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद एसडीओपी कृष्ण कुमार पांडेय के मार्गदर्शन में तत्कालीन निरीक्षक अशोक सिंह परिहार ने अपराध क्रमांक 492/24 धारा 363 भादवि कायम किया था। 

सा‌इबर सेल की रही महत्वपूर्ण भूमिका

पुलिस द्वारा नाबालिक को ढूंढने के प्रयास किए गए परंतु सफलता हाथ नहीं लग रही थी। इसके बाद वर्तमान निरीक्षक कपूर त्रिपाठी ने साइबर सेल की मदद ली और कॉल डिटेल के आधार पर मोरवा पुलिस छतरपुर जा पहुंची। वहां से लापता नाबालिग को दस्तयाब कर लिया गया। नाबालिग के बयान के आधार पर छतरपुर के तमेरनघेरा निवासी रामदीन लोधी पिता लालू लोधी उम्र 26 वर्ष को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने आरोपी को धारा 363, 366, 376 (2)(n), 376(3) भादवि एवं 4(2), 5 L/6 पोक्सो एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

उक्त कार्यवाही में निरीक्षक कपूर त्रिपाठी के साथ उप निरीक्षक राजकुमार त्रिपाठी, सहायक उप निरीक्षक संतोष सिंह, संजीत सिंह, प्रधान आरक्षक सुबोध सिंह तोमर एवं पंकज चतुर्वेदी समेत साइबर सेल के टीम की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *