बारात से लौट रहे पनिका परिवार की खुशियों को लगा ग्रहण

Newspost, MP State Desk, Singrauli.

विवाह कार्यक्रम में बिताए खुशियों के पलों को याद करते अपने घर लौट रहे पनिका परिवार पर शोक और दुख का ग्रहण लग गया। शुक्रवार को प्रात: लगभग 6 बजे निर्माणाधीन एनएच 39 सीधी-सिंगरौली के भलुगढ़ गांव के मार्ग में दो बोलेरो वाहनों की आमने-सामने भीषण भिडंत हो गई। इस हादसे में दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और पनिका परिवार के एक सदस्य की मौत हो गई। जबकि बच्चे व महिलाओं सहित एक दर्जन भर लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। घायलों का इलाज ट्रामा सेन्टर, वाराणसी व मेडिकल कॉलेज रीवा में चल रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार माड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम असनी निवासी सुनील पनिका परिवार की बारात दुधमनिया तहसील क्षेत्र के ग्राम पोड़ी बरगवां में गई हुई थी। बाराती सुनील पनिका के परिवार के लोग बोलेरो से वापस अपने घर लौट रहे थे। शुक्रवार की सुबह वे एनएच 39 भलुगढ़ मुख्य मार्ग से गुजर रहे थे तभी सामने से तेज गति से आ रहा एक अन्य बोलेरो क्रमांक यूपी 64 के 0224 से सीधी टक्कर हो गई। हादसे में सुनील पनिका के परिवार के दिवस पनिका पिता सुनील पनिका उम्र 16 वर्ष की मौत हो गई। जबकि लगभग दर्जन भर बोलेरो सवार बच्चे, महिलाएं व अन्य गंभीर घायल हो गये। इस हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग व राहगीर बचाव कार्य में जुट गये। प्रत्यक्षदर्शी बताते हैं कि दोनों वाहनों की गति असामान्य थी और विपरीत दिशा से आ रहा बोलेरो गलत पटरी पर चल रहा था। उस वाहन में केवल चालक ही था। घटना के बाद दोनों वाहन चकनाचूर हो गये और घायलों को बाहर निकालने के लिए बरगवां पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

घायलों का कुशल क्षेम पूछने पहुंचे देवसर विधायक

उक्त दुर्घटना की खबर मिलने पर देवसर विधायक राजेन्द्र मेश्राम जिला चिकित्सालय सह ट्रामा सेन्टर एवं सिंगरौली हास्पिटल पहुंचे और घायलों तथा उनके परिवारजनों व चिकित्सकों से मिलकर हालचाल जाना। विधायक ने घायलों के परिजनों को समुचित इलाज का भरोसा दिया। वहीं दिवस पनिका के मौत पर शोक संवेदना व्यक्त करते हुये परिवारजनों को ढांढस बंधाया। गंभीर घायल बच्चों के बेहतर इलाज हेतु 25 हजार रुपये की आर्थिक मदद राशि देकर वाराणसी के लिए रिफर कराया।

इन्हें आई हैं गंभीर चोटें:

जानकारी के अनुसार उक्त सड़क हादसे में अरविन्द कुमार पनिका पिता राजलाल पनिका उम्र 32 वर्ष निवासी असनी थाना माड़ा, सुनिल कुमार पनिका पिता राजलाल पनिका उम्र 38 वर्ष, विद्युत पनिका पिता रामविशाले पनिका उम्र 28 वर्ष मृतक दिवस पनिका पिता सुनिल पनिका, 16 वर्ष, सरस्वती पनिका पति प्रदीप पनिका उम्र 25 वर्ष, अंश पनिका पिता हेमन्त पनिका उम्र 18 वर्ष, ऊषा पनिका पति पवन पनिका उम्र 25 वर्ष, रीता पनिका पति अवधेश पनिका, उम्र 29, अभी पनिका पिता प्रदीप पनिका उम्र 2 वर्ष, अंकित पनिका पिता अवधेश पनिका उम्र 7 वर्ष, अनिष्का पनिका पिता प्रदीप पनिका उम्र 4 वर्ष, अदिष्य पनिका पिता अवधेश पनिका उम्र 5 वर्ष, नीरज पनिका पिता रामकिशुन पनिका उम्र 22 वर्ष शामिल है। इन्हें गंभीर चोटें आने के कारण जिला चिकित्सालय सह ट्रामा सेन्टर बैढ़न, रीवा मेडिकल कॉलेज एवं वाराणसी तथा सिंगरौली हास्पिटल में इलाज चल रहा है। इनमें से सरस्वती, अंश की स्थिति चिंताजनक है।

आप इस दुर्घटना का वीडियो हमारे यू ट्यूब चैनल पर देख सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *