पुलिस व स्थानीय लोगों ने 4 बच्चों व 2 महिला सहित 8 की बचाई जान, सभी घायल सुरक्षित, एनटीपीसी अस्पताल व ट्रॉमा सेंटर में चल रहा इलाज

Newspost, Regional Desk, MP.

विंध्यनगर, सिंगरौली। विंध्यनगर थाना क्षेत्र के बैढ़न मार्ग पर स्थित आरडीसीसी कॉम्प्लेक्स में सैमसंग मोबाइल के शो रूम में शनिवार को अपरान्ह लगभग साढे 4 बजे शॉर्ट सर्किट से भड़की आग देखते ही देखते कॉम्प्लेक्स के तीसरे फ्लोर तक फैल गई और 4 बच्चे व 2 महिला सहित कुल 8 लोग आग से झुलस गए। लोगों की चीख पुकार सुन पड़ोसियों ने पुलिस को सूचित किया। दल बल के साथ पहुंची विन्ध्यनगर पुलिस टीम ने स्थानीय जनों के सहयोग से रेस्क्यू कर आग में फंसे लोगों को बाहर निकाला और उपचार के लिये फौरन एनटीपीसी एवं जिला चिकित्सालय सह ट्रामा सेन्टर बैढ़न में भर्ती कराया।
सूत्रों के अनुसार आरडीसीसी कॉम्प्लेक्स के सैमसंग शो रूम में अचानक आग लगने की सूचना के पर घटना स्थल पर विंध्यनगर पुलिस, नगर निगम सिंगरौली व एनटीपीसी के सीआईएसएफ के दमकल पहुंचे और युद्धस्तर पर आग पर काबू पाने में जुट गए। दूसरी ओर पुलिस टीम स्थानीय लोगों के सहयोग से बिल्डिंग के पहले व दूसरे फ्लोर पर लगे कांच को बड़ी तत्परता से तोड़कर अंदर घुसी और रेस्क्यू कर बिल्डिंग में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला तथा विंध्यनगर चिकित्सालय व ट्रामा सेन्टर में भर्ती कराया। उक्त मकान राकेश कुशवाहा का होना बताया जा रहा है।भवन निर्माण परमिशन के संबंध में कलेक्टर चन्द्रशेखर शुक्ला ने जांच कराने की बात कही है।

आग की चपेट में आए एक ही परिवार के 8 लोग
आग लगने की घटना में 36 वर्षीय शोभा पत्नी धीरेंद्र कुशवाहा, खुशबू पत्नी रूपेश कुशवाहा, अनुष्का पुत्री धीरेंद्र कुशवाहा 13 वर्ष, स्मृति कुशवाहा पुत्री धीरेंद्र कुशवाहा उम्र 12 वर्ष, अथर्व पुत्र धीरेंद्र कुशवाहा उम्र 7 वर्ष, धीरेंद्र कुशवाहा पुत्र रघुनाथ कुशवाहा 35 वर्ष, रिकेश पुत्र रूपेश कुशवाहा उम्र 7 वर्ष व रूपेश कुशवाहा उम्र 32 वर्ष सभी निवासी आरडीसीसी कॉम्प्लेक्स झुलस गए हैं। सभी को एनटीपीसी विन्ध्यनगर के चिकित्सालय व ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

टीआई व रेस्क्यू कर रहे 5 पुलिस कर्मी भी घायल
जानकारी के अनुसार बिल्डिंग के अन्दर फंसे लोगों को बचाने के लिए विंध्यनगर टीआई शिवपूजन मिश्रा, एएसआई सुनील दुबे, प्रधान आरक्षक नितिन गौतम, मुनेन्द्र सिंह राणा, पंकज सिंह एवं स्थानीय जन रेस्क्यू में लगे थे। बताया जाता है कि इन्हें भी चोटें आई हैं। पुलिस सेवकों को कई जगह चोटें आई हैं।

उक्त घटना की जानकारी मिलते ही विधायक रामनिवास शाह, ननि अध्यक्ष देवेश पाण्डेय, कलेक्टर चन्द्रशेखर शुक्ला, पुलिस अधीक्षक निवेदिता गुप्ता, नगर निगम कमिश्रर डीके शर्मा सहित अन्य सरकारी अमला घटनास्थल पहुंचे। सभी घायलों को एम्बुलेंस 108 से अस्पताल उपचार के लिए रवाना किया तथा अस्पतालों में भर्ती घायलों की स्थिति का जायजा लिया और चिकित्सकों को आवश्यक निर्देश दिये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *