📌एक्सिडेंट के मूल कारण को जानने, रेलवे ने शुरू किया साक्ष्य जुटाने का काम, चीफ कमिश्नर रेलवे सेफ्टी कल करेंगे जांच
Newspost, National Desk. Rohit Gupta.
नई दिल्ली/न्यू जलपाईगुड़ी। हमारे नैशनल डेस्क टीम द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार 17 जून 2024, सोमवार को तड़के रेलवे के नॉर्थ फ्रंटियर रेलवे जोन में पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले के फांसीदेवा स्टेशन के आउटर पर खड़ी कंचनजंगा एक्सप्रेस को पीछे से एक मालगाड़ी ने जोरदार टक्कर मार कर दुर्घटनाग्रस्त कर दिया था। टक्कर इतनी भीषण थी कि कंचनजंगा के पिछले 3 डिब्बे बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए, एक डिब्बा तो गुड्स ट्रेन के इंजन पर चढ़ गया। घटना के समय मालगाड़ी के पायलट, को पायलट, कंचनजंगा एक्सप्रेस के गार्ड के अलावा 5 अन्य के मरने तथा 25 लोगों के घायल होने की पुष्टि स्थानीय प्रशासन द्वारा की गई थी। लेकिन अब मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 15 तक पहुंचने की जानकारी मिल रही है। घायलों की संख्या भी 30 के पार बताई जा रही है। हालांकि सभी घायलों को सुरक्षित बताया गया है।
घटना के बाद क्या हुआ ?
17 जून को हुए इस हादसे की सूचना के तुरंत बाद रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव चेयरमैन रेलवे बोर्ड जया वर्मा सिन्हा का बयान आया। उन्होंने अपने बयान में बताया कि प्रथमदृष्ट्या यह दुर्घटना मालगाड़ी के पायलट द्वारा सिंग्नल की अनदेखी के कारण हुआ। इस बीच एनएफआर के जीएम, डीआरएम सहित सभी वरिष्ठ अधिकारियों के साथ ही बचाव व राहत दल को तत्काल मौके पर भेजने के निर्देश दिये गए और कुछ ही देर में रेल मंत्री वैष्णव रेल हादसे की साइट पर पहुंच गए जिससे रेस्क्यू और रिलीफ के साथ ही घायलों को उपचार हेतु भेजे जाने का काम तेज हुआ। इसी बीच एक अन्य ट्रेन बुलाकर सभी सुरक्षित यात्रियों को उनके बैगेज के साथ मालदा भेज दिया गया। इस दौरान रेलवे की टेक्निकल टीम पटरियों को खाली एवं दुरुस्त कर आवागमन को सामान्य करने के प्रयास में जुटी रही।
इस दुर्घटना के कारण शताब्दी व अन्य ट्रेनों को रद्द भी किया गया था। फिलहाल इस रूट पर सामान्य निर्देशों के साथ परिचालन किए बहाल हैने की भी खबर है। घटना के बाद ममता बनर्जी भी वहां पहुची थी। उन्होंने राज्य शासन के सहयोग की चर्चा की और राजनीतिक बयान भी दिये जिसपर रेलमंत्री ने कहा कि यह राजनीति का विषय नहीं, लोगों की सहायता का समय है।
कमिश्नर रेलवे सेफ्टी कल करेंगे कारणों का परीक्षण:
नॉर्थ ईस्ट फ्रंटियर के मुख्य आयुक्त रेलवे सेफ्टी जनक कुमार गर्ग कल बुधवार को एक्सीडेंट की साइट का सूक्ष्म निरीक्षण करने के साथ ही वहां से एकत्रित साक्ष्यों के साथ एडीआरएम कार्यालय न्यू जलपाईगुड़ी में दुर्घटना की गहन समीक्षा करेंगे। यहां तकनीकी पहलुओं की छानबीन के साथ ही दोषियों को चिन्हित करने तथा कोई षड़यंत्र अथवा लापरवाही सिद्ध होने पर उन्हें कठोर दण्ड संबंधित निर्देश भी दे सकते हैं। दूसरी ओर डीआरएम (NFR) कटिहार सुरेन्द्र कुमार ने क्षतिग्रस्त पटरियों को दुरुस्त कर सामान्य निर्देश के साथ इस रूट पर परिचालन के बहाल होने की जानकारी दी है।
