बरगवां थाना क्षेत्र के गडेरिया-डगा मार्ग में हुई भीषण सड़क दुर्घटना
Newspost, Regional Desk, बरगवां, सिंगरौली, एमपी.
गत 26 नवम्बर, रविवार को बरगवां थाना क्षेत्र के गड़ेरिया-डगा के पूर्व सरपंच सीता देवी के घर के समीप लगभग साढ़े 5 बजे शाम स्कूटी की हाइवा ट्रक से आमने -सामने हुई भिडंत में स्कूटी सवार बरहवा टोला निवासी देवर-भाभी की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में स्कूटी में सवार महिला की गोद में बैठे डेढ़ साल का मासूम भी जीवन के लिए संघर्ष कर रहा है।
उक्त घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने बरगवां के मुख्य मार्ग में जाम लगाकर करीब 4 घण्टे बाधित कर रखा था।
घटना के संबंध में बरगवां टीआई आरपी सिंह से मिली जानकारी के अनुसार बरहवा टोला के मोहित सेन अपनी भाभी एवं भतीजा को लेकर विंध्यनगर जा रहा था। मनिहारी में खेल मैदान के फिलिंग कार्य में लगा एक बेकाबू हाइवा विपरीत दिशा से आ गया था। दोनों में गड़ेरिया मुख्य मार्ग स्थित सीता देवी के घर के समीप दोनों वाहनों में आमने-सामने भिडंत हो गई। हाइवा वाहन के लापरवाह चालक ने स्कूटी सवार को रौंद दिया। इस भीषण सड़क हादसे में स्कूटी सवार मोहित सेन पिता गणेश सेन उम्र 26 साल, अंजना सेन पत्नी रोहित सेन उम्र 25 साल की दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। जबकि रोहित का बच्चा आरव उम्र डेढ़ वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गया।
बताया गया कि मासूम बालक का पैर टूट गया है। जिसे जिला चिकित्सालय सह ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। जबकि प्रत्यक्षदर्शी बताते हैं कि दुर्घटना इतनी भीषण थी कि स्कूटी पूरी तरह से चकनाचूर हो गयी और उसमें सवार मासूम बालक के अलावा देवर-भाभी की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गयी।
बरगवां पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मोर्चा संभाल लिया किंतु हालात बिगड़ते देख मोरवा, गोरबी पुलिस को बुलाना पड़ा।रात्रि लगभग 8 बजे बरगवां टीआई आरपी सिंह, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार बरगवां, मोरवा टीआई अशोक सिंह परिहार के समझाइस के बाद परिजन एवं ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त किया। मृतक के परिजनों को तत्कालिक रूप से संविदाकार के द्वारा तीन लाख की सहायता राशि दी गयी है। इतनी ही रकम और दिये जाने की चर्चा हुई। फिलहाल बरगवॉ पुलिस आरोपी चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
जन्मदिन मनाकर ड्यूटी के लिए लौट रहा था मोहित
बताया जा रहा है कि एनटीपीसी विंध्यनगर के एक संविदा कंपनी में वर्कर रहा मोहित सेन का जन्मदिन था। गत शनिवार को घर जाकर परिवार व मित्रों के साथ जन्मदिन मनाया और रविवार को अपनी भाभी अंजना को लेकर विंध्यनगर आ रहा था। मृतका अंजना विंध्यनगर में ब्यूटीपार्लर चलाती थी। उक्त घटना के बाद गणेश सेन के घर में मातम पसर गया है। मृतक के पिता-माँ एवं अन्य परिवार जन बदहवास हालत में हैं। पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
