भन्नाए ग्रामीणों ने पत्थरों से मार-मारकर भालू को भी उतारा मौत के घाट
Newspost, Regional Desk. R.B. Singh ‘Raaz’
सीधी, मध्य प्रदेश। संजय टाईगर रिजर्व क्षेत्र के बफर जोन स्थित ग्राम पंचायत वस्तुआ की हरिजन बस्ती में कल सोमवार की सुबह एक खूंखार भालू ने मौत का ऐसा तांडव मचाया जिसमें तीन इंसानी जिंदगियां मौत के घाट उतर गईं। जबकि, दो ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। भालू द्वारा एक पालतू भैंस को भी मौत के घाट उतार दिया गया है। इलाके के आक्रोशित ग्रामीणोंं ने अपनी जवाबी तथा आत्मरक्षा की कार्यवाही में पत्थरबाजी कर आदमखोर भालू को भी ढेर कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस एवं संजय टाईगर रिजर्व के अधिकारी एवं अमला मौके पर पहुंचा।
क्या है पूरी घटना ?
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार की सुबह करीब 6 बजे ग्राम वस्तुआ के हरिजन बस्ती निवासी बब्बू यादव पिता गोपाल यादव उम्र 80 वर्ष अपने घर के पास थे। तभी जंगली भालू ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया। बब्बू यादव के हो-हल्ला मचाने पर बचाने के लिए पहुंचे दीनबंधु साहू पिता देवशरण साहू उम्र 70 वर्ष और संतोष यादव पिता बब्बू यादव उम्र 43 वर्ष के ऊपर भी भालू ने हमला बोल दिया। भालू के हमले में बब्बू यादव और दीनबंधु साहू की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई जबकि संतोष यादव को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया जहां उसने भी दम तोड़ दिया।
भालू के हमले के दौरान बचाव में पहुंचे मनीष साहू पिता दीनबंधु साहू उम्र 27 वर्ष और तेजबली सिंह पिता रामा सिंह उम्र 65 वर्ष भी गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के पश्चात दोनों को जिला अस्पताल सीधी रेफर कर दिया गया। एक घायल की हालत गंभीर होने के कारण उसे जिला अस्पताल सीधी से मेडिकल कॉलेज अस्पताल रीवा के लिए रेफर कर दिया गया।
इस घटना के बाद ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर काफी दहशत बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना था कि वन्य जीवों द्वारा अब आबादी क्षेत्र में आकर लोगों पर जानलेवा हमला किया जा रहा है ऐसे में लोगों का सुरक्षित रहना काफी मुश्किल हो चुका है।
मृतक एवं घायलों के परिजनों से मिले सांसद
जिले के धौहनी विधानसभा क्षेत्र के वस्तुआ में भालू के हमले में मृतक एवं घायलों के परिजनों से मिलकर सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए प्रशासनिक अधिकारियों को पीडितों को तत्काल सहायता के आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान विधायक कुंवर सिंह टेकाम, जनपद अध्यक्ष श्यामवती सिंह, मंडल अध्यक्ष पोड़ी अनीता सिंह, एसडीएम आरपी त्रिपाठी वहाँ मौजूद रहे।
प्रभारी मंत्री ने मृतकों के परिजनों को दी आर्थिक सहायता
प्रदेश के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा सीधी जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल ने जिले के ग्राम बस्तुआ में भालू के हमले से मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त की है। प्रभारी मंत्री ने स्वेच्छानुदान से मृतकों के निकटतम वारिस को 25-25 हजार रुपये तथा घायलों को 10 -10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। घटना के बाद प्रभारी मंत्री ने कलेक्टर तथा पुलिस अधीक्षक से चर्चा की। उन्होंने घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने भविष्य के लिए इस प्रकार की दुर्घटनाओं को रोकने विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए हैं।
प्रत्येक मृतक के परिवार को मिले 25-25 लाख की सहायता राशि : कमलेश्वर
इस घटना के उपरांत मध्य प्रदेश के भूतपूर्व मंत्री व कांग्रेस के नेता कमलेश्वर पटेल ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि धौहनी विधानसभा के ग्राम वस्तुआ में भालू के हमले में 3 ग्रामीणों की दर्दनाक मृत्यु और 2 के घायल होने की हृदयविदारक घटना ने झकझोर कर रख दिया है। मैंने पीड़ित परिवारों से भेंटकर शोक संवेदना व्यक्त की। घायल मनीष साहू एवं तेजबली सिंह का इलाज संजय गांधी मेडिकल कॉलेज, रीवा में चल रहा है। मैंने डॉक्टरों से चर्चा कर समुचित उपचार सुनिश्चित करने का निवेदन किया है।
कमलेश्वर पटेल ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से आग्रह किया है कि प्रत्येक मृतक के परिजनों को ₹ 25-25 लाख की सहायता राशि प्रदान की जाए। यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना सरकार और संजय दुबरी टाइगर रिज़र्व के अधिकारियों की लगातार लापरवाही का परिणाम है। यदि समय रहते सतर्कता बरती गई होती, तो शायद इन मासूमों की जान बचाई जा सकती थी। सरकार को इस विषय को गंभीरता से संज्ञान में लेना चाहिए कि बफ़र ज़ोन क्षेत्रों में भालू, शेर, चीता, हाथी जैसे हमलावर वन्यजीवों द्वारा ग्रामीणों पर लगातार हमले हो रहे हैं। जनजीवन की सुरक्षा हेतु सरकार एवं प्रशासन को तत्काल बफ़र ज़ोन में फेंसिंग जैसी ठोस व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए।

