शव से उठ रही थी सड़ांध, नहीं हो सकी है पहचान

Newspost, Regional Desk. Report- Bihari Lal Gupta.

सिंगरौली, मध्य प्रदेश। शनिवार, 12 जुलाई की सुबह गोपद नदी के किनारे स्थित धोरबंधा गांव के समीप नदी की धार में कुछ ग्रामीणों को एक बोरे में बंधा कुछ बहता हुआ दिखाई दिया। उत्सुकतावश जब वे पास पहुंचे तो उनके होश उड़ गए। ग्रामीणों ने वहाँ देखा कि उस बोरे से किसी इंसान का पैर बाहर निकला हुआ था। यह नजारा देखकर बदहवास ग्रामीण फौरन तट पर लौटे और तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।

मामले से जुड़ा घटनाक्रम

घटना की सूचना मिलने के कुछ ही देर में सरई और भुईमाड़ थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। थोड़ी ही देर में लंघाडोल पुलिस भी अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंची। अब यहाँ एक विकट स्थिति उत्पन्न हो गई। घटनास्थल को लेकर इन थानों की पुलिस में सीमा विवाद खड़ा हो गया। चुंकि यह स्थल दो थानों की प्रशासनिक सीमाओं के बीच में था, इसलिए इनकी सीमा को स्पष्ट करने के लिए वन विभाग और राजस्व टीम की मदद ली गई। स्थल की नापी कराई गई तब इस बात की पुष्टि हुई कि घटनास्थल वास्तव में लंघाडोल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। फलत: लंघाडोल पुलिस ने अग्रिम कार्यवाही की।

एक सप्ताह से लापता पुष्पेंद्र साहू का शव होने का था अंदेशा

उल्लेखनीय है कि सरई थाना क्षेत्र के गोरा गांव निवासी 23 वर्षीय युवक पुष्पेंद्र साहू लगभग एक सप्ताह से लापता है। इसके गुमशुदगी की रिपोर्ट पहले से दर्ज है। जब बोरे में बंधा यह अज्ञात शव मिला तब पुलिस को लगा कि हो न हो यह गुमशुदा पुष्पेंद्र का शव हो। उसकी तस्दीक के लिए परिजनों को सूचना देकर उन्हें मौके पर बुलाया गया। लंघाडोल पुलिस द्वारा मृतक की पहचान के लिए बोरा काटकर शव को बाहर निकालवाया गया और पहचान के लिए परिजनों को दिखाया गया। बुरी तरह सड़ चुके शव का पुष्पेन्द्र साहू के परिजनों ने गहनता से निरीक्षण किया और अंतत: यह स्पष्ट कर दिया कि वह शव पुष्पेंद्र का नहीं है।

मृतक की पहचान नहीं हो सकी, फिर…

मृत व्यक्ति की पहचान कराने की कवायद विफल रही। इसके बाद लंघाडोल पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरई भेज दिया। पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस का मानना है कि मृतक की हत्या के बाद उसके शव को बोरे में बंद कर नदी में फेंका गया था।

तीन थाने की पुलिस ‌एवं एसडीओपी देवसर थे मौके पर

घटनास्थल पर भुईमाड़ थाना प्रभारी डी.डी. सिंह, मड़वास थाना प्रभारी भूपेश बैस, देवसर एसडीओपी राहुल कुमार सैयाम, लंघाडोल थाना प्रभारी पुष्पेंद्र धुर्वे सहित पुलिस बल की मौजूदगी रही।

उलझन में पुलिस

एक अज्ञात व्यक्ति के शव को बंद बोरे में गोपद नदी से मिलने पर लंघाडोल थाने की पुलिस फिलहाल उलझ गई है। उसके सामने सबसे बड़ी चुनौती मृतक के शिनाख्त की है। फिलहाल पुलिस विभिन्न दिशाओं में अपनी सोच के घोड़ों को दौड़ाती दिख रही है। नदी के बहाव की दिशा और रास्ते में पड़ने वाले थाना क्षेत्रों पर भी पुलिस अवश्य ही ध्यान दे रही होगी। प्रकरण के जल्द खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *