Newspost, Regional Desk, Waidhan, Singrauli.
लंबे अर्से के बाद श्रम विभाग की कार्रवाई सुर्खियों में है। एमपी के सिंगरौली जिले में भारी व मझौले उद्योगों, कोयला खदानों तथा उन पर आधारित क्रियाकलापों में बड़ी संख्या में श्रमिकों का नियोजन किया गया है। फिर भी पिछले वर्षों के बाद श्रम विभाग से जुड़ी यह खबर बाहर आई है। लेबर डिपार्टमेंट ने बाल कल्याण अधिकारी तथा पुलिस के साथ संयुक्त रूप से माजन मोड़, नवानगर एवं जयंत स्थित शराब दुकानों में दबिश दी। वहां संयुक्त दल ने दो बाल श्रमिकों को काम करते पाया तथा तथा संबंधित शराब दुकानों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज करने की कार्रवाई कर दी।
जानकारी के अनुसार प्रभारी श्रम पदाधिकारी सिंगरौली एनके पाण्डेय, श्रम निरीक्षक राहुल प्रधान एवं बाल कल्याण अधिकारी नीरज शर्मा, सीडब्ल्यूसी सदस्य ने पुलिस के साथ संयुक्त रूप से माजन मोड़, नवानगर एवं जयंत के शराब दुकान में दबिश दी। इस दौरान जयंत के शराब दुकान में दो बाल किशोर कार्य करते पाये गये। श्रम विभाग ने संबंधित दुकान संचालक के विरुद्ध बाल श्रम अधिनियम का उलंघन करने का मामला तैयार किया है।
