गोपद नदी में पिकनिक मनाने गए डॉक्टर दु:खुद घटना के हुए शिकार
बच्ची को डूबने से बचाने गए नेहरू अस्पताल के डॉक्टर का शव निकाला गया, बच्ची की तलाश जारी
सिंगरौली, मध्य प्रदेश। रविवार, 24 नवंबर ’24 का दिन सिंगरौली के लिए अशुभ समाचार लेकर आया। एनसीएल कंपनी के नेहरू शताब्दी चिकित्सालय के 3 चिकित्सक एवं कंपनी मुख्यालय के दो विजिलेंस विभाग के अधिकारी एवं उनका परिवार गोपद नदी के देऊरदह घाट लंघाडोल में पिकनिक मनाने गए थे जहाँ 5 लोगों का परिवार दु:खद अनहोनी का शिकार हो गया।
ऐसे घटित हुई यह घटना…
प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार को एनसीएल के 3 डॉक्टर व 2 विजिलेंस विभाग के अधिकारियों का परिवार पिकनिक मनाने लंघाडोल में गोपद नदी के देऊरदह घाट के किनारे गए हुए थे। इनमें रिटायर डॉ प्रवीण मुंडा, डॉ हरीश सिंह पिता योगेंद्र सिंह, डॉ डीजे बोरा, विजिलेंस विभाग से सुनील कुमार पिता सुभाष कुमार एवं पीके भंडारी उर्फ प्रवीण कुमार शामिल थे। पिकनिक के दौरान रिटायर्ड एमबीबीएस डॉक्टर प्रवीण मुन्डा की 13 वर्ष की बच्ची प्रेरणा ट्यूब के सहारे तैरते हुए गहरे पानी में चली गई। जिसे बचाने गए डॉ प्रवीण मुंडा, डॉ हरीश सिंह व डॉ डीजे बोरा भी डूबने लगे। बताया जा रहा है कि सभी को मंदिर में मौजूद लोगों द्वारा बचाने का प्रयास किया गया।
नहीं बचाए जा सके डॉ हरीश
डॉ मुंडा एवं डॉ बोरा को तो सुरक्षित निकाल लिया गया, लेकिन नेहरू शताब्दी चिकित्सालय के डेंटल एचओडी डॉ हरीश सिंह की मौत हो गई। वहीं 13 वर्षीय बच्ची प्रेरणा का कोई पता नहीं चला है। उसकी तलाश अब भी जारी बताई जा रही है। चौकी प्रभारी पुष्पेन्द्र धुर्वे रेस्क्यू टीम के साथ घटनास्थल पर मौजूद रहे। घटना की जानकारी के बाद वहां लोगों की भारी भीड़ एकत्रित हो गई थी।
