🔸सिंगरौली पुनर्स्थापन मंच ने एनसीएल सीएमडी के साथ की महत्वपूर्ण बैठक

Newspost, Corporate/Regional Desk.

सिंगरौली, मध्य प्रदेश। श्रृंगी ऋषि की भूमि पर आबाद पुराने नगर सिंगरौली- मोरवा के एनसीएल की कोयला परियोजना विस्तार के लिए विस्थापन एवं हजारों परिवारों व व्यापारियों के पुनर्स्थापन को लेकर रविवार सुबह सिंगरौली पुनर्स्थापना मंच द्वारा एनसीएल प्रबंधन के साथ फिर बैठक की गई। बैठक में संगठन के पदाधिकारियों के साथ ही लगभग आधा सैकड़ा नागरिक शामिल रहे। एनसीएल सभागार में हुई बैठक में कंपनी के सीएमडी बी. साईराम, निदेशक (कार्मिक) मनीष कुमार, महाप्रबंधक (सिविल) ए.के. सिंह, महाप्रबंधक (भूमि एवं राजस्व) राकेश कुमार, महाप्रबंधक (कार्मिक) सफ़दर खान प्रबंधन की ओर से सम्मिलित हुए।

बैठक के प्रारंभिक चरण में ही पुनर्स्थापन मंच के प्रतिनिधियों ने एनसीएल प्रबंधन द्वारा दादर, गोंदवाली व भलुगढ़ (तीन अलग अलग ग्रामीण क्षेत्र) को पुनर्वास स्थल के रूप में चिन्हित किये जाने पर कड़ी आपत्ति एवं विरोध दर्ज कराया गया। प्रतिनिधियों ने पूर्व में हुई बातचीत और प्रबंधन द्वारा नगरीय क्षेत्र व समीपी क्षेत्र में बसाहट दिये जाने के उनके आश्वासन का स्मरण कराया गया तथा फिर पूर्व में सौंपे ग‌ए अपने मांगपत्र के बिंदुओं पर चर्चा की।

एनसी‌एल ने दिया आश्वासन, जल्द होगी त्रिपक्षीय बैठक:

पुनर्स्थापन मंच द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, इस गंभीर विषय पर सीएमडी बी साईंराम ने मोरवा नगर के वासियों के दर्द को महसूस करते हुए आश्वस्त किया कि अगले 2 से 3 दिन के अन्दर ही जिला कलेक्टर सिंगरौली से समय लेकर मंच के पदाधिकारियों, एनसीएल प्रबंधन व प्रशासन के साथ एक संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुनर्स्थापन स्थल हेतु नगर निगम क्षेत्र में अथवा नगर निगम के समीपवर्ती क्षेत्र में ही भूमि उपलब्ध कराये जाने हेतु एनसीएल प्रबंधन जिला प्रशासन से अनुशंसा करेगा।
बैठक में मंच के उपाध्यक्ष राजेश सिंह ने कहा कि, एनसीएल प्रबंधन से पूर्व बैठकों में भी एनसीएल मुख्यालय के आसपास ही बसाहट दिये जाने, अन्यथा की स्थिति में बैढ़न व सिंगरौलिया एअरपोर्ट के मध्य पुनर्स्थापन करने का प्रस्ताव दिया गया था, इस पर विचार किया जा सकता है। सिंगरौली (मोरवा) की जनता भी एकमत रहेगी। नगर निगम क्षेत्र से विस्थापित होकर किसी भी कीमत पर भलुगढ़ जैसे अत्यंत प्रदूषित व निर्जन ग्रामीण क्षेत्र में पुनर्स्थापन पर सिंगरौली की जनता मानसिक रूप से तैयार नहीं है।
मंच द्वारा पूर्व प्रेषित 24 सूत्री मांगों पर भी एनसीएल का ध्यानाकर्षण कराया गया एवं लिखित जवाब माँगा गया। इस पर प्रबंधन द्वारा आश्वस्त किया गया कि शीघ्र ही मंच के साथ बिन्दुवार चर्चा कर लिखित जवाब प्रदान किया जायेगा। मंच के पदाधिकारियों ने नगर निगम सिंगरौली क्षेत्र के प्लाट के मूल्यांकन के दर से ही प्लाट के बदले उचित देय राशि निश्चित किये जाने की मांग रखी, जिस पर एनसीएल सीएमडी ने आश्वस्त किया कि एनसीएल द्वारा जनता के हितों को ध्यान में रखते हुए कोल इण्डिया लिमिटेड की सभी अनुषंगी इकाइयों में दिए जाने वाले लाभों का अवलोकन करने के पश्चात् अधिक से अधिक लाभ दिया जायेगा।

मंच-पदाधिकारियों का कहना-

मंच के वरिष्ठ सदस्य संजय प्रताप सिंह ने इतने बड़े विस्थापन पर सिंगरौली के जनमानस की राय हेतु एक तटस्थ सर्वे कार्य कराये जाने की बात रखी व मुआवजा तय किये जाने हेतु खुले मंच पर गणना पत्रक की विवेचना किये जाने की मांग रखी। उन्होंने गणना पत्रक में एनसीएल द्वारा की जा रही विसंगतियों पर ध्यान आकृष्ट कराया, साथ ही लार एक्ट के अंतर्गत ही भूमि एवं भवन दोनों के कुल मूल्यांकन पर 12% प्रति वर्ष की दर से राशि संगणित किये जाने की बात कही। इस पर एनसीएल प्रबंधन ने आश्वस्त किया कि गणना पत्रक का प्रारूप तैयार करने उपरांत मंच से विस्तृत चर्चा करके ही गणना पत्रक को अंतिम रूप दिया जायेगा। मंच ने इस बिंदु के समाधान के पश्चात ही नापी कार्य प्रारंभ किये जाने का निवेदन किया। मंच द्वारा अखबार के माध्यम से छपी खबर जिसमे उल्लेख था कि एनसीएल प्रबंधन द्वारा प्रभावित परिवारों का सर्वे करा लिया गया है ? इस पर सीएमडी साईराम ने इस खबर का खंडन करते हुए बताया कि सर्वे अभी नहीं किया गया है। सीएमडी बी साईराम द्वारा प्लाट के बदले देय राशि की गणना करने, तीव्र ब्लास्टिंग एवं अन्य 24 सूत्रीय मांगों पर कार्यवाही हेतु निदेशक कार्मिक, महाप्रबंधक भूमि व राजस्व एवं महाप्रबंधक सिविल को अधिकृत करते हुए इनके शीघ्र निराकरण हेतु निर्देशित किया गया।

मंच की ओर से ये रहे सम्मिलित-

उक्त बैठक में सिंगरौली पुनर्स्थापना मंच के अध्यक्ष सतीश उप्पल, अभ्युदय सिंह, विनोद सिंह, भूपेंद्र गर्ग, अजीत कुमार झा, अमित अग्रवाल, अजय जायसवाल, गोपाल जी श्रीवास्तव, पृथ्वीराज गर्ग, निखिल सिन्हा, सुरेश गिरी, राजेश मुन्ना अग्रहरी, मनीष अग्रवाल, कुंदन सिंह, सौरभ पाण्डेय, जीएल प्रसाद, शिवेंद्र चन्द्र वर्मा, सुमंत सिंह, मार्कंडेय राय, विनय राय, शिवशंकर शर्मा, शोभनाथ प्रसाद, नागेन्द्र सिंह, राजू सिंह, संजीव कुमार सिंह, नारायण दास साहू, आशीष टंडन, अनिल केशरी, रमेश सिंह, दिनेश श्रीवास्तव, अश्विनी कुमार सिंह, रामजी शुक्ला, मो.जावेद, संदीप बंसल, ओमप्रकाश सिंह, खगेन्द्र सिंह, नवल सिंह के साथ साथ विभिन्न वार्डों के संभ्रांत लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *