जय श्रीराम के उद्घोष के साथ निकली श्रीराम की कलश शोभा यात्रा, रामनगरी अयोध्या के पूजित अक्षत कलश के साथ विशाल कलश शोभा यात्रा में शामिल हुए हजारों श्रद्धालु

Newspost, Regional Desk, A. Anand

चितरंगी, सिंगरौली (एमपी)। भगवान राम के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम से संबंधित राम नगरी अयोध्या से आए पूजित अक्षत कलश हर जिले हर नगर और गांव तक पहुंच रहा है। गुरुवार को चितरंगी पहुंचे अक्षत कलश की एक विशाल शोभा यात्रा गायत्री मंदिर से हनुमान मंदिर तक निकाली गई।

कलश शोभायात्रा में मुख्य कलश के साथ 108 कलश और राम दरबार की झांकी भी निकाली गई। सबसे पहले गायत्री मंदिर में मुख्य कलश और सभी कलश का विधिविधान से पूजन प्रांत अध्यक्ष विश्व हिंदू परिषद लक्ष्मण सिंह, विश्वरंजन प्रताप सिंह, गुरू आनेन्द्र पप्पूधर दिवेदी और गणेश प्रताप सिंह, अध्यक्ष विहिप चितरंगी ने किया। उसके बाद सैकड़ों भक्त महिला व पुरुष राम भजन के साथ चितरंगी नगर के मुख्य मार्ग से होते हुए तहसील के पास हनुमान मंदिर पहुंचे। जहां सभी ने मिलकर हनुमान चालीसा का पाठ किया और पुन: गायत्री मंदिर पहुंचने पर प्रांत अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह ने उपस्थित जन समुदाय को राम मंदिर आंदोलन के इतिहास और बलिदान के बारे में जानकारी दी। बताया कि 500 वर्षों के संघर्ष और बलिदान के बाद यह शुभ घड़ी आई है। रामलला का भव्य मंदिर बनकर तैयार हो रहा है। जिसकी प्राण प्रतिष्ठा 22 जनवरी को होनी है। उस दिन दीपावली जैसा उत्सव मनाया जाएगा। घर -घर दीपक जलें भजन कीर्तन हों, यह राष्ट्र गौरव और हमारे स्वाभिमान को बढ़ाने वाला पल है। हिंदू संगठित होकर रहेगा तभी मजबूत रहेगा। फरवरी से राम मंदिर जाकर दर्शन करें। इसके लिए प्रत्येक परिवार को आमंत्रण का अक्षत आया है। जिसे कार्यकर्ता प्रत्येक गांव और घर तक लेकर जाएंगे।

रास्ते भर झांकी और यात्रा का लोगों ने हाथ जोड़कर व जयघोष कर अभिवादन किया। पूरा नगर राम मय नजर आया। पुलिस प्रशासन ने मुस्तैद होकर यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *