गोरबी पुलिस ने गुमी किशोरी को यूपी सोनभद्र से किया दस्तयाब
Newspost, Regional Desk, सिंगरौली, एमपी.
सिंगरौली, एमपी के महदेइया से बीते 7 जनवरी को गुम हुई 15 वर्षीय किशोरी को गोरबी चौकी पुलिस ने मंगलवार, 16 जनवरी को रेंहटा, अनपरा, जिला सोनभद्र, उत्तर प्रदेश से सुरक्षित दस्तयाब कर लिया। बताया गया है कि पुलिस अधीक्षक सिंगरौली यूसुफ कुरैशी द्वारा मुस्कान अभियान के तहत जिले के अंतर्गत गुमशुदा व अपहृत नाबालिक बालक – बालिकाओं की खोज करने हेतु संवेदनशीलता बरतने के निर्देश दिए गये हैं। इस मामले में एएसपी शिवकुमार वर्मा एवं एसडीओ पुलिस के.के. पांडे के निर्देशन व थाना प्रभारी मोरवा अशोक कुमार परिहार के सतत मार्गदर्शन में गोरबी चौकी प्रभारी भिपेन्द्र पाठक ने गुमशुदा किशोरी को उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के रेहटा, अनपरा से ढूंढ निकालने में सफलता प्राप्त की।
जानकारी के अनुसार ग्राम महदेइया निवासी गुमशुदा नाबालिग किशोरी की मां द्वारा गत 7 जनवरी को अपनी 15 वर्षीय बेटी के घर से बिना कुछ बताए कहीं चले जाने और काफी प्रयास के बाद भी नहीं मिलने की तहरीर दी गई थी। इस पर चौकी गोरबी में धारा 363 भा.द.वि के तहत मामला पंजीबद्ध कर गुम बालिका की पतासाजी के प्रयास किया जा रहे थे। 16 जनवरी को पुलिस चौकी गोरबी के स्टाफ ने गुमशुदा बालिका को दस्तयाब कर आवश्यक पूछताछ कार्यवाही की तथा बाल कल्याण समिति से काउंसलिंग के उपरांत उसके परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। अपनी बेटी को सुरक्षित पाकर फरियादी मां के द्वारा पुलिस चौकी स्टाफ के प्रयास और सफलता के लिए बहुत प्रसन्नता व्यक्त की गई।
उक्त कार्रवाई में चौकी प्रभारी गोरबी उनि भिपेंद्र पाठक, सहायक उप निरीक्षक सतीश दीक्षित, राजेश द्विवेदी, राजकुमार त्रिपाठी, प्रधान आरक्षक राजबहोर, आरक्षक कयामुद्दीन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
