?Newspost, Editorial Desk, RB Singh 'Raaz'/Rohit Gupta 'Mann'.

आज भारत लगभग गांव शहर अवधपुरी बने हुए हैं। श्रीराम – हनुमान जी की पताकाएं, फूलों, विद्युत की झालरों से मंदिरों से लेकर बाजार तक, शासकीय अशासकीय कार्यालय, शैक्षणिक संस्थान, अपार्टमेंट, पार्क, घर घर सजाने, संवारने की होड़ सी मची हुई है। रविवार को बाजारों में सामान्य से अधिक भीड़ दिखी। लोग मिट्टी के दिये भी वैसे ही खरीदते दिखे जैसे दीवाली में दिखते हैं। हर जगह भजन, कीर्तन, भक्ति गीतों की स्वर लहरी वातावरण में तैर रही है। श्रीराम के स्वागत की तैयारियां जनमानस पलक पांवड़े बिछाकर कर रहा है। ऐसे में शासन ने अवकाश देकर अपना सहयोग दिया है।

सीधी अपर कलेक्टर राजेश शाही ने बताया कि आयुक्त नगरीय प्रशासन एवं विकास म.प्र. भोपाल द्वारा अयोध्या में आज 22 जनवरी को भगवान श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के उपलक्ष्य में सभी नगरीय निकायों के सीमान्तर्गत स्थित समस्त पशुवध गृह/मांस मछली की दुकानें बंद रखने के निर्देश दिये गये हैं। 

अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह के अवसर पर जिले के सभी शासकीय तथा अर्द्धशासकीय कार्यालयों में आज 22 जनवरी को आधे दिन का अवकाश रहेगा। शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार अवकाश दोपहर 2.30 बजे तक के लिए घोषित किया गया है। स्कूल शिक्षा विभाग ने प्रदेश के सभी विद्यालयों में सोमवार 22 जनवरी, 2024 को अवकाश घोषित किया है। यह अवकाश अयोध्या में रामलला प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को देखते हुए घोषित किया गया है।

उच्च शिक्षा विभाग ने अयोध्या में भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम आयोजन के उपलक्ष्य में 22 जनवरी सोमवार को प्रदेश के समस्त शासकीय एवं अशासकीय विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में पूर्ण दिवस का अवकाश घोषित किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *