सिंगरौली जिले के हजारों लोग हुए लाभांवित
Newspost, Regional Desk, A. Anand.
सिंगरौली, मध्य प्रदेश। लाइफलाइन हॉस्पिटल ट्रेन का स्वास्थ्य शिविर 5 से 25 मार्च तक सिंगरौली जिले के बरगवां रेलवे स्टेशन पर चलाया गया जिसमें निकटवर्ती इलाके के कुल 11179 मरीजों का स्वास्थ्य जांच व उपचार किया गया। इम्पैक्ट इंडिया फाउंडेशन द्वारा संचालित लाइफलाइन एक्सप्रेस हॉस्पिटल ट्रेन के 236वें प्रोजेक्ट के तहत बरगवां स्टेशन में आयोजित नि:शुल्क स्वास्थ्य कार्यक्रम का उद्घाटन गत 5 मार्च को किया गया था।
शिविर में आंख की जांच, उपचार, चश्मा वितरण एवं मोतियाबिंद का ऑपरेशन, कानों का जांच, उपचार व सुनने की मशीन का वितरण, जन्मजात मुड़े हुए हाथ पैर के ऑपरेशन एवं सहायक कृत्रिम अंग वितरण व प्लास्टिक सर्जरी से कटे फटे होंठ व जलने से संकुचित हुई चमड़ी का ऑपरेशन किया गया। इस दौरान दांत की जांच, दवा वितरण एवं दांत से जुड़े हुए विभिन्न प्रकार के ऑपरेशन किए गए। महिलाओं की जांच गाइनेकोलॉजिस्ट डॉक्टर से कराई गई। रोगों के उपचार, दवा वितरण व पेप्स मेयर जैसे रोग संबंधी सैंपल कलेक्ट कर उन्हें रिपोर्ट दिया गया।
सिंगरौली जिले में पिछले 3 वर्ष से निरंतर स्वास्थ्य सेवा देने वाली लाइफ़लाइन एक्सप्रेस ट्रेन दुनिया की पहली हॉस्पिटल ट्रेन है। यह इंपैक्ट इंडिया फाउंडेशन नामक संस्था द्वारा सन 1991 से संचालित की जा रही है। इस हॉस्पिटल ट्रेन का मुख्य उद्देश्य दूर-दराज और दुर्गम इलाकों में चिकित्सकीय सहायता पहुंचाना है। यह भारत का एक मात्र मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल ट्रेन है। इसमें कुल 7 बोगियों में मल्टी स्पेशलिटी ऑपरेशन थियेटर हैं। इसमें कुल 5 ऑपरेशन टेबल, 5 माइक्रोस्कोप, वेंटिलेटर मशीन एवं एनेस्थीसिया मशीन, डीफेब्रिलेटर मशीन जैसी अनेकों महत्वपूर्ण जीवनदायिनी मशीनें उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त इस ट्रेन में पैथोलॉजी, एक्स-रे, दांत विभाग एवं स्त्री रोग जैसे अलग-अलग विभाग हैं।
इस विश्व स्तरीय हॉस्पिटल ट्रेन में 20 अनुभवी स्वास्थ्य कर्मी हैं। विभिन्न रोगों के स्पेशलिस्ट चिकित्सक भारत के बड़े संस्थानों से शिविर में बुलाए जाते हैं। इस ट्रेन में स्वास्थ्य जांच उपचार एवं ऑपरेशन बिल्कुल नि:शुल्क है। इसके अतिरिक्त ऑपरेशन के पहले एवं ऑपरेशन के बाद, मरीज के रहने एवं खाने की व्यवस्था भी ट्रेन के व्यवस्थापकों द्वारा की जाती है।
बताया गया है कि यह ट्रेन हर महीने भारत के विभिन्न राज्यों एवं जिलों में 20 दिवसीय स्वास्थ्य शिविर आयोजित करती है। गत 5 मार्च को सिंगरौली में स्वास्थ्य शिविर प्रारंभ होने से पहले यह ट्रेन झारखंड के गोड्डा जिला में स्वास्थ्य सेवा प्रदान कर रही थी। अब 25 मार्च को सिंगरौली के स्वास्थ्य शिविर के समाप्ति के बाद, अगला 237वां स्वास्थ्य शिविर नॉर्थ ईस्ट के असम के लखीमपुर जिले में आगामी 20 अप्रैल से होने जा रहा है।
इस ट्रेन का संचालन भारतीय रेलवे एवं भारत सरकार के सहयोग से “इंपैक्ट इंडिया फाउंडेशन” नामक संस्था द्वारा किया जाता है।
