मजदूर दंपति के हत्या का कारण अज्ञात, छानबीन में जुटी पुलिस
Regional Desk, RB Singh ‘Raaz’, Sidhi,MP.
सीधी के कमर्जी थाना क्षेत्र में घर के अंदर सो रहे एक अधेड़ दंपत्ति पर धारदार हथियार से हमला कर मौत के घाट उतार दिया गया। बीते सोमवार व मंगलवार की देर रात हुई इस लोमहर्षक घटना के बाद मंगलवार को मृतकों के परिजनों ने चकाजाम कर न्याय के लिए सड़कों पर उतर आए।
कमर्जी थाना अंतर्गत बरिगवां गांव में हुए दोहरे हत्याकांड की खबर आग की तरह फैलते ही लोगों का हुजूम सुबह से ही मृतकों के घर के सामने उमड़ पड़ा। जानकारी मिलने पर कमर्जी थाना प्रभारी भूपेश सिंह बैस भी अपने दल-बल के साथ मौके पर पहुंच गए। विभाग के वरिष्ट अधिकारियों को सूचना देने के बाद पुलिस द्वारा काफी बारीकी के साथ विवेचना शुरू की गई। घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम एवं डॉग स्क्वाड को भी बुलाया गया।
पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे थे कि हत्यारों का सुराग मिल सके। इसके लिए परिवार के सदस्यों के साथ ही आसपास के रहवासियों के साथ पुलिस द्वारा पूछताछ शुरू कर सुराग तलाशने का कार्य काफी मुस्तैदी के साथ किया गया। इस घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। लोगों का कहना था कि बरिगवां निवासी मृतक रामलाल साकेत 58 वर्ष एवं उसकी पत्नी बसंती साकेत 55 वर्ष श्रमिक का कार्य करते थे। उनकी इस तरह की दुश्मनी किसी से नहीं थी कि हत्या जैसी वारदात को अंजाम दिया जाए। फिर भी हत्यारे सुनियोजित तरीके से दरम्यानी रात मृतकों के घर दाखिल हुए। उनके द्वारा सोते वक्त ही अधेड़ दंपत्ति के सिरों पर हमला किया गया। जिससे मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई।
मंगलवार की सुबह परिजनों को अधेड़ दंपत्ति की हत्या होने की जानकारी मिली। जिसके बाद लोगों का हुजूम घर के सामने उमड़ पड़ा। इस घटना को लेकर पुलिस भी काफी सावधानी के साथ साक्ष्य तलाश रही है। जिससे आरोपियों तक पहुंचा जा सके। पुलिस द्वारा संदेह के आधार पर कुछ लोगों को पूछताछ के लिए बैठाया गया है।
परिजनों ने किया चक्का जाम
इस पूरे मामले में पति-पत्नी की धारदार हथियार से हत्या होने की घटना के उपरांत मंगलवार को मृतकों के परिजनों एवं ग्रामीणों द्वारा मुख्य मार्ग पटपरा, चुरहट रोड बरिगवां में एकत्रित होकर भारी संख्या में चक्काजाम करना शुरू कर दिया गया। तब पुलिस के पसीने छूटने लगे। उसके बाद मौके पर एडिशनल एसपी पुलिस बल का काफी अमला वहां पहुंचा। बड़े मुश्किल से आधा घंटे बाद परिजनों को शांत करने में पुलिस ने सफलता अर्जित की। लेकिन काफी देर तक मामला गरमाया रहा।
शाम तक पुलिस डबल मर्डर के विवेचना में सुराग तलाशने के लिए उलझी हुई थी। पुलिस द्वारा अपनी विवेचना के दौरान यह जानकारी लेने का प्रयास किया जा रहा है कि मृतकों की रंजिश किनसे थी। जिसके चलते हत्या जैसी वारदात को अंजाम दिया जा सकता है। बताया जाता है कि पुलिस पारिवारिक अथवा संपत्ति विवाद को लेकर भी विवेचना कर रही है।
