भोपाल- धनबाद वाया सिंगरौली सप्ताह में तीन दिन, चोपन से एक दिन चलेगी नई ट्रेन
🔺पहले से निर्धारित टाइम टेबल के अनुसार ही सिंगरौली – भोपाल से होगा आवागमन
Newspost, Corporate Desk. @rohitgupta
नई दिल्ली/जबलपुर/हाजीपुर/सिंगरौली। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल और झारखण्ड के धनबाद के बीच सप्ताह में तीन दिन चलाई जाने वाली नई ट्रेन संख्या 11631/11632 एवं 11633/11634 के संबंध में रेलवे बोर्ड नई दिल्ली द्वारा महाप्रबंधक पश्चिम मध्य रेल जबलपुर एवं पूर्व मध्य रेल हाजीपुर के लिए जारी एक और नोटिफिकेशन को जारी कर कथित तिथि भ्रम को दूर कर दिया है।

अधिसूचना को लेकर उभरा था भ्रम
सोशल मीडिया में सर्कुलेट हो रहे रेलवे बोर्ड के एक कथित ऑफिस सर्कुलर में भोपाल और धनबाद से चलाई जाने वाली ट्रेनों के सम्पूर्ण विवरण का उल्लेख किया गया था। लेकिन इस अधिसूचना को जारी करने की तिथि 23.12.2026 प्रदर्शित की गई थी। बहरहाल एक आधिकारिक और भिन्न अधिसूचना दिनांक 23.12.2025 को साझा किया गया है। इससे सिंगरौली जिले के लोगों के लिए बहुत दिनों बाद कुछ अच्छी खबर जरूर मिल गई है। धनबाद-भोपाल एवं भोपाल-धनबाद के बीच दोनों छोर से सप्ताह में तीन दिन चलाई जाने वाली यह विशेष ट्रेन वाया सिंगरौली, कटनी मुड़वारा, बीना चलाई जाएगी।
नई ट्रेनों का विवरण -
रेलवे बोर्ड की उक्त अधिसूचना के अनुसार भोपाल -धनबाद ट्रेन नम्बर 11631/32 भोपाल से रविवार, सोमवार एवं शुक्रवार को 20:50 बजे धनबाद के लिए रवाना होगी। यह ट्रेन बीना, सागर, दमोह, कटनी-मुड़वारा, ब्योहारी, होते हुए 7.36 बजे बरगवां पहुंचेगी, यहां से दो मिनट बाद 7.38 बजे चलकर 8.50 बजे सिंगरौली तथा यहां 5 मिनट ठहराव के बाद यह ट्रेन साढ़े 10 बजे चोपन पहुंचेगी। यहां से वाया गढ़वा रोड जक्शन दूसरे दिन 20:30 बजे धनबाद पहुंचेगी। वापसी में धनबाद से 7 बजे सुबह रवाना होकर 18.00 बजे सिंगरौली और दूसरे दिन सुबह 7:20 बजे भोपाल पहुंचने का समय निर्धारित है। धनबाद से मंगलवार, बुधवार एवं शनिवार को चलेगी।
चोपन से चलकर भोपाल व भोपाल – चोपन गाड़ी संख्या 11633/34 के बारे में बताया गया है कि भोपाल से हर रविवार को एवं चोपन से यह गाड़ी सोमवार को चलेगी। भोपाल से इसका प्रस्थान 20.55 बजे एवं चोपन से 17.10 बजे वाया सिंगरौली भोपाल के लिए रवाना होगी। वापसी में इसके चोपन पहुंचने का समय 10.50 निर्धारित किया गया है।
फिलहाल यह ट्रेन कब से चलाई जाएगी यह नहीं बताया गया है। इस ट्रेन के संचालन से संबंधित तिथि नहीं बताई गई है। क्षेत्र के विभिन्न सामाजिक संगठनों और यूनियनों की सिंगरौली और उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल, दिल्ली सहित अन्य गंतव्यों को नियमित रेल सेवाओं से जोड़े जाने की मांग अभी अधूरी है।
