जिला प्रशासन के आह्वान पर मंच एवं एनसीएल प्रबंधन की पुनर्वास निर्धारण बैठक रही बेनतीजा
Newspost, MP State Desk. Rohit Gupta.
सिंगरौली, मध्य प्रदेश। एनसीएल की कोयला खदान विस्तार के लिए विस्थापित किये जाने वाले मोरवा शहर के रहवासियों को उनके हितों एवं भविष्य को ताक पर रखकर पुनर्वास के लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए। विस्थापित किये जाने वाले परिवारों के हितों का ध्यान रखते हुए उनकी सहमति व इच्छा के अनुसार ही उन्हें बसाया जाए। मोरवा के दो संगठनों विस्थापन मंच एवं पुनर्स्थापन मंच के पदाधिकारियों द्वारा मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित त्रिपक्षीय वार्ता में यह बात कही गई। मोरवा शहर के विस्थापन की प्रक्रिया की प्री प्राइमरी कवायदों के साथ ही पुनर्वास को लेकर असमंजस और विवाद उत्पन्न हो गया था। इस विषय का समाधान ढूंढ़ने के लिए कलेक्टर चंद्रशेखर शुक्ला ने मध्यस्थता की और एनसीएल के सीएमडी एवं संबंधित अधिकारियों तथा विस्थापन मंच व पुनर्स्थापन मंच के प्रतिनिधियों की बैठक बुलाई।
नहीं निकला ठोस परिणाम-
मंगलवार की शाम कलेक्टरेट सभागार में कलेक्टरथं श्री शुक्ला द्वारा एनसीएल के अधिकारियों एवं सिंगरौली विस्थापन/पुनर्स्थापन मंच के साथ आयोजित अहम बैठक में कोई ठोस नतीजा नहीं निकला। सिंगरौली विस्थापन- पुनर्स्थापन मंच ने भावी विस्थापन के संबंध में अपने-अपने सुझाव दिये। इन पर कलेक्टर चन्द्रशेखर शुक्ला ने बिंदुवार चर्चा की। बैठक में मंच के सदस्यों ने विस्थापन से जुड़े बिन्दुओं जिसमें आम जनता के व्यवसाय तथा आजिविका पर होने वाले प्रभाव पर प्रकाश डालते हुए विस्थापितों को मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराने की बात रखी गई। इन मुद्दों पर एनसीएल के अधिकारियों ने नीति एवं व्यवस्थाओं का जिक्र किया। उक्त बैठक में शामिल परस्पर दोनों मंच के पदाधिकारी मुद्दों पर एकमत दिखे।
बैठक में कलेक्टर ने यह निर्देशित किया कि हमारा प्रयास है कि विस्थापन निर्धारित नीति के तहत टुकडों में कराया जायेगा। भूमि की उपलब्धता को देखते हुए नगर निगम क्षेत्रों या उसके समीप क्षेत्रों में पुनर्वास कराने का प्रयास कराया जायेगा। यह आश्वासन कलेक्टर श्री शुक्ला ने दिया। पुनर्वास टाउनशिप में सर्व सुविधा उपलब्ध रहेगी।

बैठक में ये रहे सम्मिलित-
बैठक में सिंगरौली एसडीएम सृजन वर्मा, डिप्टी कलेक्टर राजेश शुक्ला, एनसीएल सिंगरौली के सीएमडी बी साईराम, निदेशक कार्मिक मनीष कुमार, एनसीएल प्रबंधन के अन्य लोग तथा मोरवा पुनर्स्थापना मंच के अध्यक्ष सतीश उप्पल, मनोज प्रताप सिंह, राजेश सिंह, भूपेंद्र गर्ग, सुरेश गिरी, अभ्युदय सिंह, आलोक यादव, गोपाल श्रीवास्तव, निखिल सिन्हा, सिंगरौली विस्थापन मंच के ललित श्रीवास्तव, दधिलाल सिंह, यदुवीर यादव, अभय तिवारी आदि उपस्थित रहे।
