न्यायालय ने आरोपियों को भेजा जेल
Regional Desk, RB Singh ‘Raaz’, सीधी.
संजय टाइगर रिजर्व क्षेत्र में दो माह पूर्व वन कर्मियों पर हमला करने वाले आरोपियों को पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया जहां से उन्हें जिला जेल भेज दिया गया है।
प्रकरण के विषय में पुलिस द्वारा जारी की गई प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि थाना प्रभारी कुसमी के नेतृत्व में चौकी प्रभारी पोंड़ी एवं टीम द्वारा अपराध क्रमांक 264/2022, धारा 147, 148, 149, 186, 294, 332, 333, 427, 506 ताहि में दर्ज किया गया है।
बताया जाता है कि विगत 24/12/2022 को ग्राम गिजोहर में शाम करीब 6:30 बजे जंगली जानवर तेंदुआ द्वारा राम बहादुर बैगा के लड़के को उठा ले जाने के उपरांत जंगल विभाग के कर्मचारी निरीक्षण हेतु ग्राम गिजोहर पहुंचे थे, तभी ग्राम गिजोहर के सरपंच धनशाह बैगा, छोटेलाल यादव, महेश यादव, शिव प्रसाद यादव, चंद्रवती बैगा वगैरह कुल 10 लोग डंडा लाठी लेकर टीम पर हमला कर दिए थे। इस हमले से जंगल विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को गंभीर चोटें आईं थी जिसके कारण चौकी पोंड़ी थाना कुसमी में आरोपियों के खिलाफ उपरोक्त अपराध कायम किया था।
घटना दिनांक से ही आरोपीगण फरार थे जिन्हें 22 अगस्त 23 को गिरफ्तार किया गया और न्यायालय मझौली में पेश किया गया। यहां से आरोपी गणों को जिला जेल सीधी में दाखिल किया गया।
