जहाँ तहाँ वाहन खड़ाकर सड़क जाम करने और काली फिल्म लगी कारों पर मोरवा पुलिस ने की कड़ाई
News Desk, (NPG Media) सिंगरौली।
मध्य प्रदेश में इस वर्ष के अंतिम महीनों में संभावित विधानसभा चुनावों को लेकर प्रदेश का पुलिस प्रशासन अभी से कानून व्यवस्था (Law & Order) को लेकर तमाम कवायदों में जुट गया है। अंतर्राज्यीय सीमावर्ती जिलों (State Bordering Districts) में प्रदेश की पुलिस अभी से ही अलर्ट मोड (Allert Mode) में आ गई है।
सिंगरौली पुलिस है सावधान !
सिंगरौली में पुलिस अधीक्षक के रूप में भेजे गए युवा सेनानी मो युसुफ कुरैशी ने कम समय में ही पुलिस विभाग के साथ ही जनमानस में अपना स्थान ही नहीं बनाया, नगरीय से ग्रामीण क्षेत्र के अपराधों पर अपनी कार्यशैली और प्रबंधन से जिस प्रकार नियंत्रण किया है वह अनुकरणीय अवश्य ही कही जाएगी। लगातार समीक्षा और मातहत अफसरों को समय समय पर आवश्यक निर्देश और फॉलो अप यह थाना और चौकियों के प्रभारियों को भी प्रेरित कर रही होगी।
मोरवा पुलिस का एक्शन-
मोरवा थाना क्षेत्र में बुधवार रात दो पक्षों (कोयला कारोबार से जुड़े लोगों) में हुई मारपीट के बाद इन गुटों की अदावत के कारण असामान्य स्थिति का अंदेशा अनुभव कर इलाके में अमन चैन कायम रखने के लिए मोरवा पुलिस ने गुरुवार शाम को फुट मार्च निकाला था। एसडीओपी राजीव पाठक एवं मोरवा निरीक्षक अशोक सिंह परिहार के नेतृत्व में मोरवा पुलिस के अधिकारी व कर्मचारी सड़कों पर फ्लैग मार्च कर लोगों को समझाइश देते दिखे।
इस दौरान बाजार में जहाँ तहाँ खड़े वाहनों के स्वामियों को निरीक्षक ने फटकार लगाई। उन्होंने कई वाहनों का एमवी एक्ट (MV Act) के तहत चालान किया। साथ ही वाहनों के शीशे पर लगाई गई काली फिल्म को मौके पर ही हटवाया और चालान भी किया।
पुलिस ने मौके पर ही काले शीशे से फिल्म उतरवाई और चालान किया। इसके साथ ही दुकानदारों को भी अपनी दुकान की सीमा में रहकर व्यापार करने की नसीहत भी दी। पुलिस ने बस स्टैंड, फल मंडी, पुरानी बाजार, पंडित दीन दयाल एलआईजी चौराहा, गुरुद्वारा रोड, यूबीआई रोड, न्यू मार्केट आदि क्षेत्रों में पूरे लाव लश्कर के साथ मार्च किया।
