न्यायालय की अनुमति से जब्त 5 हजार किलो अवैध मादक पदार्थ को कटनी के कैमोर फैक्ट्री की भट्ठी में जलाकर किया गया नष्ट

Regional Desk, कटनी, मध्य प्रदेश।

विभिन्न पुलिस रेंज में पुलिस द्वारा आरोपियों से जब्त किये गए लगभग 5 टन अवैध मादक पदार्थ जैसे गांजा, अफीम, डोडा चूरा, ब्राउन शुगर आदि को न्यायालय से अनुमति लेकर एसीसी फैक्ट्री कैमोर में जलाकर नष्ट कर दिया गया।

बीते वर्षों में विभिन्न कार्रवाइयों में की गई थी जब्ती

विगत वर्षो में जिला कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडोरी, शहडोल, उमरिया, अनुपपुर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 5000 किलो से अधिक अवैध मादक पदार्थ जब्त किए गये थे। जांच व तौल मापन के बाद न्यायालय से अनुमति लेकर इन्हें नष्ट किया गया। इन्हें नष्ट करने के पूर्व जब्त सामग्री का एसीसी फैक्ट्री कैमोर में पुन: वीडियोग्राफी के साथ जांच व तौल कराया गया।

रेंज स्तर पर हाई लेवेल ड्रग्स डिस्पोजल समिति की उपस्थिति में एसीसी फैक्ट्री कैमोर की भट्ठी में झोंक कर अवैध मादक पदार्थों का विनिष्टीकरण किया गया।

विनष्टीकरण के समय इनकी रही उपस्थिति-

अवैध मादक पदार्थों के विनष्टीकरण के दौरान डीआईजी छिंदवाडा रेंज सचिन अतुलकर, डीआईजी जबलपुर रेंज आर.एस.एस. परिहार, डीआईजी शहडोल रेंज अतिरिक्त प्रभार डीआईजी बालाघाट रेंज आर.के. अरूसिया, एसपी जबलपुर टी.के. विद्यार्थी, एसपी कटनी अभिजीत कुमार रंजन, एसपी अनूपपुर जितेन्द्र सिंह पंवार, एसपी उमरिया प्रमोद सिन्हा, एसपी डिंडोरी अजय सिंह, एसपी मंडला रजत सकलेचा, एसपी नरसिंहपुर अमित कुमार के अलावा सभी जिलों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

जब्त किए गए अवैध मादक पदार्थो को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 की धारा 52 ए के मुताबिक सभी उचित प्रक्रिया का पालन करते हुए नष्ट किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *