मुंब‌ई की कलाकार रिज़ा खान व बाली ठाकरे की प्रस्तुतियों से देर रात तक नाचते झूमते रहे युवा

Newspost, Regional Desk. सिंगरौली।

रविवार को रामनवमी के उपलक्ष्य में श्रीराम जानकी मंदिर व श्री संकटमोचन हनुमान जी के मंदिर से महावीरी ध्वज के साथ दोपहर 2 बजे से शोभायात्रा निकली। पहले से ही भगवा पताकों और ध्वजाओं से सज्ज सिंगरौली शहर के शोभा यात्रियों के परिधान तथा हाथों में लिये गये भगवा झंडे अद्भुत दृश्य प्रस्तुत कर रहे थे। लोग उत्साह और उमंग से भरपूर दिखे। नर नारी युवा व बच्चे भगवान श्रीराम का जयघोष करते हुए चल रहे थे। 

शोभायात्रा में शामिल लोगों ने ढोल नगाड़े गाजे बाजे और डीजे के साथ नगर भ्रमण किया। श्रीराम जानकी मंदिर से निकाली गई महावीरी ध्वज की शोभायात्रा आज़ाद चौक, कन्या पीएमश्री हाईस्कूल चौराहा होते हुए मोरवा थाने तक ले जायी गयी। वहीं न्यू मार्केट स्थित हनुमान मन्दिर से महावीरी ध्वज के साथ लोग उद्घोष करते हुए थाना परिसर स्थित शिव मन्दिर पहुँचे। यहां दोनों ध्वजों का मेल हुआ। यहाँ पहुंचे शोभा यात्रियों का स्वागत पुलिस विभाग के लोगों द्वारा शीतल पेय परोसकर किया गया। 

यहां से संयुक्त टोली जय श्रीराम के नारे, डीजे के भक्ति गीतों और बैंड की धुन पर आगे बढ़ी। यह यात्रा अस्पताल तिराहा, एनएच 39 मेन रोड, सर्किट हाउस रोड, गायत्री मन्दिर रोड, एलआईजी चौक, पुरानी बाजार, हनुमान मंदिर घूमते हुए शिव मंदिर बस स्टैंड के प्रांगण में संपन्न हुई। विशाल महावीरी ध्वज के साथ रथ पर सवार भगवान श्रीराम लक्ष्मण माता सीता एवं हनुमान जी की झांकी आकर्षण का केन्द्र बने रहे। शोभा यात्रा में सम्मिलित लोगों के लिए व्यवसायियों तथा सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के लोगों द्वारा यात्रा मार्ग पर जगह जगह जलपान की व्यवस्था की गई थी। 

सुरक्षा के दृष्टिगत भारी परिवहन व बिजली को रखा गया बंद

शोभा यात्रा के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से तीन थानों से बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक रंजन ने यात्रा की समीक्षा कर निर्देश दिये। वहीं एसडीओपी चितरंगी अरुण कुमार सोनी, तहसीलदार अभिषेक यादव समेत मोरवा निरीक्षक उमेश प्रताप सिंह, गढ़वा निरीक्षक विद्या वारिधि तिवारी, चितरंगी निरीक्षक सुदेश तिवारी दल बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था में लगे रहे। रामनवमी की शोभा यात्रा के लिए स्थानीय बाजार एवं प्रतिष्ठान बंद रखे गये। किसी प्रकार की दुर्घटना से बचने के लिए शोभा यात्रा के दौरान जयंत सिंगरौली मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही एवं विद्युत आपूर्ति बंद रखी गई थी। स्थिति पर निगाह रखने के लिए विद्युत विभाग के लोग यात्रा में शामिल रहे।

सहिष्णुता है इस शहर की पहचान

रामनवमी शोभा यात्रा के मार्ग पर जगह जगह दर्जनों स्टॉल लगाकर लोगों ने आस्थावान राम भक्तों को जलपान परोसकर सेवा की। स्थानीय गौसुलवरा ज़ामा मस्जिद अंजुमन कमेटी द्वारा मस्जिद के सामने जलपान की व्यवस्था की गई थी। 

शोभा यात्रा में शामिल लोगों की पुलिस ने की सेवा

मोरवा पुलिस ने भी थाना परिसर में जलपान व शीतलपेय परोसकर अपनी सेवा भावना का परिचय दिया। इसके अलावा एनसीएल मुख्यालय द्वारा भी स्टॉल लगाकर जलपान की व्यवस्था कराई गई थी।  

देर रात तक चला भक्ति गीतों पर आधारित रंगारंग कार्यक्रम

शोभायात्रा के समापन के उपरांत बस स्टैंड फल मंडी क्षेत्र में मुम्बई से बुलाई गई प्रसिद्ध भजन गायिका रिज़ा खान एवं बाली ठाकरे ने भक्तिमय गीतों की रंगारंग प्रस्तुति दी। यह कार्यक्रम देर रात तक चलता रहा। युवा रस विभोर होकर नाचते झूमते दिखे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *