
? Newspost, MP CG, Bargawan, Singrauli.
हिंडालको महान रामलीला परिषद द्वारा प्रस्तुत पंचम दिवस की रामलीला में सीपी पी.ई एंड आई प्रमुख सम्बित पटनायक, महाप्रबंधक स्मेल्टर कार्बन गिरीश चौधरी, स्मेल्टर ई एंड आई प्रमुख सुब्रत पाड़ी तथा सीपीसी ऑपरेशन महाप्रबंधक संजय शर्मा द्वारा सपरिवार मां कुष्मांडा, श्री गणेश तथा भगवान श्री राम के पूजन के साथ प्रारंभ हुई । पांचवे दिवस की रामलीला अत्यंत रोचक दृश्य से भरी हुई थी, प्रथम दृश्य हनुमान जी की मां सीता से भेंट और विदाई से आरंभ हुआ, फिर हनुमान जी का रामादल में लौटना, राम जी की सेना का प्रस्थान, विभीषण शरणागति, सेतु बंधन, रावण – अंगद संवाद, युद्ध की घोषणा, राक्षसी और वानरी सेना का युद्ध, रावण के सेनापतियों का वध, मेघनाथ लक्ष्मण युद्ध, लक्ष्मण मूर्छा, हनुमान जी का लंका से सुषेन वैद्य को लाना, कालनेमि का वध, हनुमान -भरत जी की भेंट और हनुमान जी के संजीवनी बूटी लाने तथा लक्ष्मण जी के मूर्छा भंग होने के साथ ही रामलीला का समापन हुआ।
इन प्रसंगों का हुआ जीवंत मंचन:
सेतु बंध के दृश्यों में वानर वीरों के उत्साह को देखकर सभी लोग आनंद से झूम उठे, विभीषण शरणागति के दृश्य में रावण के क्रोध ने जैसे ज्वाला सी बरसा दी थी। अंगद रावण संवाद ने भी दर्शकों को खूब प्रभावित किया। संजीवनी लाते समय हनुमान जी का सूर्य नारायण से वार्ता का दृश्य भी बड़ा रुचिकर रहा और युद्ध के दृश्यों को कलाकारों ने अपने अभिनय से मानों जीवंत ही कर दिया हो।
महान रामलीला के उपाध्यक्ष सुशांत नायक ने सभी कलाकारों को इस उत्कृष्ट अभिनय के लिए बहुत-बहुत बधाई दी तथा महान नगर वासियों को अधिकाधिक संख्या में रामलीला देखने और कलाकारों को और अधिक स्नेह देने का आवाहन किया।रामलीला के उत्तरोत्तर विकास के लिये अपने संकल्प को भी दोहराया।
महान रामलीला परिषद के सचिव रामजतन गुप्त ने इस सफल रामलीला के आयोजन के पीछे कलाकारों की मेहनत – समर्पण और रामलीला के निर्देशक अभिषेक उपाध्याय की प्रतिबद्धता का उल्लेख किया तथा उपस्थित अधिकारी गण और जनसमूह सभी को धन्यवाद ज्ञापित किया। इसके साथ ही छठवें दिन में दिखाए जाने वाले प्रसंग के विषय में जानकारी दी।
इस अवसर पर महान परियोजना के प्रमुख यश सेंथिल नाथ, पावर प्लांट प्रमुख चंद्र शेखर सिंह, प्रमुख मानव संसाधन विश्वनाथ मुखर्जी, अनिल सिंह व अनेक वरिष्ठ अधिकारियों सहित महान आवासीय परिसर के निवासी बड़ी संख्या में सपरिवार उपस्थित रहे और इस रामलीला के साथ ही साथ उपलब्ध फूड स्टॉल से अनेक सुस्वादु व्यंजनों का भी आनंद लिया।
